गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में मेट्रो विस्तार से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक विस्तार किया जाएगा. राइट्स ने इसकी रिपोर्ट गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को सौंप दी है. अब इस विस्तार को मंजूरी के लिए हरियाणा सरकार और शहरी आवास मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा.
रेलवे स्टेशन तक होगा विस्तार
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत, 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी. इस रूट पर 27 जगहों पर स्टेशन बनेंगे, जिसमें सेक्टर- 5 में भी एक स्टेशन प्रस्तावित है. इस मेट्रो रूट पर यात्रियों की संख्या में इजाफा करने के उद्देश्य से गुरुग्राम रेलवे स्टेशन तक विस्तार को लेकर विचार- विमर्श हुआ था. इसके बाद, GMRL ने खर्चे के आंकलन की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी राइट्स को सौपी थी.
राइट्स ने सर्वे के बाद रिपोर्ट में बताया है कि इस विस्तार के लिए 1.80 किलोमीटर लंबी लाइन बिछेगी और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर मेट्रो स्टेशन का निर्माण करने के लिए 1069 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता होगी. सेक्टर- 5 मेट्रो स्टेशन पर 605 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत पड़ेगी. गुरुग्राम रेलवे मेट्रो स्टेशन पर एस्कलेटर निर्माण पर करीब 12.70 करोड़ रुपए खर्च आएगा.
धरातल पर शुरू हुआ काम
HMRTC द्वारा भोंडसी से रेलवे स्टेशन तक भी मेट्रो रूट की योजना बनाई हुई है. रेलवे स्टेशन तक मेट्रो इस रूट में प्रस्तावित है. इस रूट की DPR तैयार करने की जिम्मेदारी HMRTC ने राइट्स को सौंप दी है, लेकिन अभी इसमें समय लगेगा.
ऐसे में नई योजना के मुताबिक भोंडसी से सेक्टर-5 तक मेट्रो का निर्माण किया जायेगा. सेक्टर- 5 में इंटरचेंज स्टेशन बनेगा. ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के तहत सेक्टर- 5 से रेलवे स्टेशन तक मेट्रो का विस्तार किया जायेगा. ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले चरण का धरातल पर काम शुरू हो चुका है. सेक्टर- 31 में ट्रैफिक सिग्नल के पास पिलरों की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है.
