गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा इफको चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक 14 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा. GMDA द्वारा इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने, मरम्मत और नवीनीकरण पर काम किया जाएगा. इसके साथ ही, जल निकासी की व्यवस्था को मजबूत करने की योजना बनाई गई है.
यह रहेगा रूट
GMDA द्वारा इस सड़क को सुखराली गांव में इफको चौक से लेकर सदर बाजार के महावीर चौक, गुरुद्वारा रोड, भूतेश्वर मंदिर, बसई रोड होते हुए फिर द्वारका एक्सप्रेस-वे तक बनाया जाएगा. इस दौरान मरम्मत कार्य के साथ-साथ सड़क किनारे नालों का निर्माण भी होगा. इससे लोगों का सफर आसान हो जाएगा.
जीएमडीए के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे 14 किलोमीटर लंबे हिस्से का सर्वेक्षण किया जा चुका है. यह सड़क गुरुग्राम के पुराने इलाकों से होकर गुजरती है, ऐसे में GMDA ने इसे रेनोवेट करने और चौड़ाई बढ़ाने का फैसला लिया है. वहीं, सड़क किनारे अवैध निर्माण को भी बुलडोजर की मदद से हटाया जाएगा.
आमजन का सफर बनेगा सुरक्षित
उन्होंने बताया कि इस काम के लिए एक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के निर्देश मिले हैं. 1 महीने के भीतर डीपीआर को पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद इस सड़क मार्ग को बनाने का काम शुरू किया जाएगा. इस सड़क मार्ग के विस्तार और चौड़ाई बढ़ाने से लोगों का आवागमन आसान और सुरक्षित हो जाएगा.
