गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां मुख्यालय और उपमंडल स्तर सहित सभी सिविल अस्पतालों में ओपीडी के समय में 16 अक्टूबर यानि कल से बदलाव कर दिया जाएगा. जिला प्रशासन ने बताया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए ओपीडी के समय में बदलाव करने का फैसला लिया गया है.
यह रहेगा नया शेड्यूल
16 अक्टूबर से गुरुग्राम के सिविल अस्पतालों में ओपीडी का नया समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा. वहीं, सेक्टर-10 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में रजिस्ट्रेशन काउंटर दोपहर 3 बजे तक खुला रहेगा. यदि ओपीडी में मरीज उपस्थित है, तो डाक्टर दोपहर 3 बजे के बाद भी मरीजों को देखेंगे. अस्पताल प्रबंधन ने सभी लोगों से नए समय का पालन करने का आग्रह किया है.
मरीजों की सुविधा के लिए फैसला
सीएमओ डॉ. अलका सिंह ने बताया कि वर्तमान में ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था लेकिन 16 अक्टूबर वीरवार से ओपीडी का नया समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा. सर्दी के मौसम को देखते हुए यह बदलाव करने का फैसला लिया गया है.
उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में दूरदराज से आने वाले मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी होती है. ऐसे मरीजों को सुबह जल्दी अस्पताल पहुंचने की असुविधा से बचाने के लिए ओपीडी के समय में बदलाव किया गया है. सुबह ठंड के मौसम में मरीजों का घर से बाहर निकलना परेशानी भरा रहता है. इसलिए उनकी सुविधा का ख्याल रखते हुए समय में बदलाव किया गया है.
