गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. यहां बढ़ती यातायात और पार्किंग की समस्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाया है. DMRC ने शहर के प्रमुख 2 मेट्रो स्टेशन इफको चौक और गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन पर बहुमंजिला पार्किंग बनाने की योजना बनाई है. इसे दिल्ली के जनकपुरी, रोहिणी और राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन की तर्ज पर तैयार किया जाएगा.

PPP मॉडल पर आधारित
इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए DMRC ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से अनुमति मांगी है. DMRC ने कहा है कि इन दोनों मेट्रो स्टेशन के पास जमीन पहले से उपलब्ध है जिसे सरकार ने प्रदान किया है. गुरु द्रोणाचार्य स्टेशन के पास लगभग 3916 वर्गमीटर और इफको चौक के पास करीब 6279 वर्ग मीटर भूमि चिन्हित की गई है.
यह परियोजना पब्लिक- प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर आधारित होगी, मतलब इसे कंपनी के सहयोग से बनाया जाएगा. ऐसे में पार्किंग को कुछ सालों के लिए लीज पर दिया गया है जिसमें दुकानों से आ रही आमदनी और पार्किंग के बदले मिल रहे पैसे को यह कंपनी वसूल करेगी. लीज का समय पूरा होने के बाद कंपनी इस बहुमंजिला पार्किंग को DMRC को सौंप देगी.
यात्रियों की समस्या होगी दूर
इन दोनों स्थानों पर पहले ही पार्किंग की सुविधा मौजूद है लेकिन लगातार बढ़ते वाहनों के कारण यह जगह काफी नहीं है. इसी कारण से यात्रियों को रोजाना पार्किंग ढूंढने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. बढ़ती भीड़ को देखते हुए अब इन दोनों मेट्रो स्टेशनों पर आधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी. ऐसे में DMRC ने दिल्ली की तर्ज पर गुरुग्राम के 2 स्टेशन पर PPP आधारित बहुमंजिला पार्किंग की योजना बनाई है.