गुरुग्राम | मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में पर्यावरण सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. बता दें कि वन विभाग ने जापान की प्रसिद्ध मियावाकी तकनीक के आधार पर सोहना में 2 स्थानों पर मियावाकी पार्क विकसित करने की योजना बनाई है. वन विभाग अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि यहां प्रशिक्षण के लिए आने वाले वनकर्मियों को भी मियावाकी तकनीक समझने और सीखने का अवसर मिलेगा.

2 स्थानों पर बनेंगे पार्क
इस योजना के तहत पहला पार्क रायपुर स्थित वन विभाग के रिजर्व कार्यालय परिसर में बनाया जाएगा जबकि दूसरा पार्क वार्ड नंबर 12 में विभाग की लगभग 7 एकड़ जमीन पर विकसित किया जाएगा. इस परियोजना को लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
इस योजना का बड़ा उद्देश्य प्रदूषण को कम करना भी है. खासकर वार्ड 12 और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा निस्तारण केंद्र से आने वाली बदबू और धुएं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. मियावाकी पार्क बनने के बाद यहां के वातावरण में सुधार होने और प्रदूषण कम होने की उम्मीद है.
लोगों को मिलेगा स्वच्छ वातावरण
मियावाली पार्क घने और तेजी से बढ़ने वाले पेड़-पौधों के लिए जाने जाते है, जिससे कम समय में हरियाली विकसित होती है. सोहना में बनने वाले इन पार्कों का सबसे ज्यादा लाभ शहरवासियों को मिलेगा. वे सुबह- शाम सैर कर सकेंगे और ताजा हवा का आनंद ले सकेंगे. एक तरह जहां पार्क बनने से हरियाली बढ़ेगी, वातावरण शुद्ध होगा. वहीं, दूसरी तरह लोगों को व्यायाम करने और ताजा वातावरण का आनंद मिलेगा.