गुरुग्राम | टेक्नोलॉजी के इस दौर में आमजन की सुरक्षा को और ज्यादा मजबूत करने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस ने एक और नई पहल की शुरुआत की है. डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में पुलिस ने लोगों के लिए WhatsApp चैट बॉट सेवा को शुरू किया हैं. जिला डीसी विकास अरोड़ा ने अपने कार्यालय से इस अत्याधुनिक सेवा का शुभारंभ किया.
जिला डीसी विकास अरोड़ा ने बताया कि WhatsApp चैट बॉट 91- 95999- 64777 नंबर 24×7 सेवा में उपलब्ध रहेगा जिसके माध्यम से लोग घर बैठे पुलिस से जुड़ी कई आवश्यक जानकारियां हासिल कर सकेंगे. चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन के लिए CEIR पोर्टल का लिंक, एमरजेंसी नंबर 112, फीडबैक प्रणाली और सुरक्षा जागरूकता से जुड़े वीडियो व एडवाइजरी भी इसपर उपलब्ध रहेगी.
इस वजह से लिया फैसला
WhatsApp चैट बॉट सेवा के शुभारंभ अवसर पर डीसी विकास अरोड़ा ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम जैसे मेट्रो शहर में नागरिकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस सेवा की शुरुआत की गई है ताकि पुलिस और जनता के बीच संवाद में और ज्यादा आसानी, तेजी और पारदर्शिता आ सकें. उन्होंने बताया कि यह केवल तकनीकी सुविधा ही नहीं बल्कि जनसेवा और उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम बनेगा.
ऐसे शुरू करें बातचीत
आमजन WhatsApp चैट बॉट नंबर पर ‘हैलो’ लिखकर बातचीत शुरू कर सकते हैं. भाषा चयन के बाद ‘वियू सर्विस’ विकल्प से उपलब्ध सेवाओं की लिस्ट सामने आ जाएगी. चैट बॉट के माध्यम से लोग नजदीकी पुलिस थाना, महिला व साइबर थाना, प्रभारी व अधिकारी का नाम, मोबाइल नंबर, e- mail और Google मैप लोकेशन हासिल कर सकते हैं.
यहां महिला सुरक्षा से जुड़ी सहायता, साइबर क्राइम शिकायत प्रकिया, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी, ट्रैफिक जाम, जलभराव और सड़क दुघर्टना जैसी समस्याओं की रिपोर्टिंग, फोटो अपलोड और रेफरेंस आईडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. नागरिक अपनी लोकेशन साझा कर नजदीक की पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.
