गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम खत्म करने की तैयारी, अगस्त में खुलेंगे 6 लेन फ्लाईओवर के टेंडर

गुरुग्राम | नए गुरुग्राम के सबसे व्यस्त दादी सती चौक पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने यहां 6 लेन फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है. इस परियोजना के लिए अगस्त के पहले सप्ताह में टेंडर खोले जाएंगे. फ्लाईओवर बनने के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे और आईएमटी मानेसर के बीच वाहनों की आवाजाही पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगी.

Flyover Bridge 1

जीएमडीए के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. विभाग ने इस फ्लाईओवर को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है.

यू- टर्न की व्यवस्था

करीब 750 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर का निर्माण मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर (MUC) पर किया जाएगा. इसमें दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन होंगी, जिससे ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा. स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्विस रोड और यू- टर्न की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि आसपास के सेक्टरों में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी न हो. परियोजना में भविष्य की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है. बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए रामपुरा चौक से पटौदी रोड को जोड़ने वाली सड़क पर आगे चलकर अंडरपास बनाने का भी प्रावधान रखा गया है. फ्लाईओवर के पिलरों की डिजाइन इसी हिसाब से तैयार की जाएगी.

खोले जाएंगे टेंडर

इस परियोजना से सेक्टर- 85, 86, 89 और 90 के हजारों लोगों को सबसे अधिक फायदा मिलेगा. दादी सती चौक इन सेक्टरों का प्रमुख जंक्शन है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. मौजूदा समय में मल्टी यूटिलिटी कॉरिडोर पर भारी ट्रैफिक दबाव रहता है और इस चौक को पार करने में काफी समय लग जाता है. जीएमडीए के एक्सईएन अमित गोदारा ने बताया कि दादी सती चौक फ्लाईओवर के लिए अगस्त के पहले सप्ताह में टेंडर खोले जाएंगे. इसके बाद परियोजना को हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा और इसे 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.