गुरुग्राम | हरियाणा की जेलों में बंद कैदियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) और जेल विभाग के बीच एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर हुए हैं, जिसके तहत जेलों में वोकेशनल ट्रेनिंग प्राप्त करने वाले कैदियों को HKRN पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन किया जाएगा, ताकि जेल से रिहा होने पर उन्हें रोजगार के अवसर मिल सकें.
6 दिसंबर से होगी शुरुआत
मीडिया से बातचीत करते हुए जेल विभाग के महानिदेशक आलोक राय ने बताया कि प्रदेश की 5 जेलों अंबाला, करनाल, पानीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में वोकेशनल ट्रेनिंग के साथ- साथ ITI कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं. इन जेलों में कक्षाओं के संचालन हेतु सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं.
सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस द्वारा 6 दिसंबर को गुरुग्राम जेल से इन कोर्सों की आधिकारिक रूप से शुरूआत की जाएगी. सभी जेलों में काम पहले से ही शुरू हो चुका है, लेकिन औपचारिक रूप से शुरूआत गुरुग्राम जेल से होगी. उन्होंने बताया कि इस पहल से न केवल कैदियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज की मुख्यधारा में लौट सकेंगे.
मॉनिटरिंग करेगा जेल विभाग
महानिदेशक आलोक राय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष हजारो लोग जेल में आते हैं और इतने ही जेल से रिहा होते हैं. इसलिए जेल विभाग ने उद्देश्य रखा है कि जेल में आने वाले हर व्यक्ति को किसी न किसी तरह की ट्रैनिंग दी जाए, ताकि वे रिहा होने के बाद आत्मनिर्भर बन सकें. उन्होंने बताया कि जेल विभाग यह भी मॉनिटरिंग करेगा कि जेल से रिहा होने के बाद कितने लोगों को रोजगार मिला और कितने लोगों ने खुद का काम शुरू किया.
