गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम मेट्रो विस्तार के निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है. आधी रात को इस परियोजना का पहला विशालकाय ‘यू-गर्डर’ पिलर पर सफलतापूर्वक स्थापित किया गया. उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और मंत्रोच्चारण के बीच पूजन के बाद अपनी मौजूदगी में गर्डर इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया पूरी करवाई. भारी क्षमता वाली क्रेन और आधुनिक इंजीनियरिंग मशीनों की मदद से यू- गर्डर को उठाकर पिलर पर रखा गया.
इस दौरान साइट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. निर्माण कार्य के चलते यातायात को भी डायवर्ट किया गया. मंत्री राव नरबीर सिंह ने नारियल फोड़कर और तिलक लगाकर परियोजना के जल्द पूरा होने की कामना की.
पहला यू- गर्डर अहम
मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण में यू-गर्डर बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. कंक्रीट से तैयार यह ढांचा अंग्रेजी के ‘U’ आकार का होता है, जिसके ऊपर आगे चलकर मेट्रो ट्रैक बिछाया जाता है. गर्डर को निर्माण स्थल पर तैयार करने के बजाय पहले से यार्ड में प्री-कास्ट किया जाता है. बाद में इसे ट्रक से साइट तक लाकर क्रेन की सहायता से पिलर पर इंस्टॉल किया जाता है. इस तकनीक से सड़क पर लंबे समय तक निर्माण गतिविधियां चलाने की जरूरत कम होती है. इससे यातायात पर असर घटता है और निर्माण की गति भी तेज होती है.
कनेक्टिविटी होगी मजबूत
गुरुग्राम मेट्रो विस्तार से शहर के पुराने और नए हिस्सों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. अभी बड़ी संख्या में यात्रियों को शहर के अलग-अलग हिस्सों में आने-जाने के लिए रैपिड मेट्रो या मिलेनियम सिटी सेंटर पर निर्भर रहना पड़ता है. परियोजना पूरी होने के बाद रोजाना सफर करने वाले लोगों को राहत मिलेगी. सड़कों पर वाहनों का दबाव, जाम और प्रदूषण कम करने में भी मेट्रो विस्तार अहम भूमिका निभा सकता है.
गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
मंत्री राव नरबीर सिंह ने मौके पर मौजूद हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन और निर्माण कंपनी के अधिकारियों को काम की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए सरकार की ओर से फंड और प्रशासनिक मंजूरियों में कमी नहीं आने दी जाएगी. पहला यू- गर्डर स्थापित होने के बाद अब आने वाले दिनों में अन्य पिलरों पर गर्डर रखने का काम तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद है. इसके बाद, ट्रैक और सिग्नलिंग से जुड़े कार्यों को भी गति मिलेगी.
