गुरुग्राम में बारिश बनी आफत, 6 घंटे जाम में फंसे लोग; कंपनियों को WFH की सलाह

गुरुग्राम | लगातार हो रही तेज बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार पर फिर ब्रेक लगा दिया है. जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम से शहर की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. हालात की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने निजी कंपनियों के लिए वर्क फ्रॉम होम (WFH) की एडवाइजरी जारी की है. यदि कर्मचारी घर से काम करेंगे तो सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में मदद मिलेगी. शहर के कई इलाकों में सोमवार को भी रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे जलभराव की समस्या और बढ़ गई.

Jalbharav Barish Monsoon

ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें. जब तक सड़कों से पानी पूरी तरह नहीं निकल जाता तब तक सामान्य यातायात संभव नहीं है.

ड्रेनेज सिस्टम की खुली पोल

बारिश ने एक बार फिर गुरुग्राम के ड्रेनेज सिस्टम और प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर में जल निकासी की व्यवस्था नाकाफी साबित हुई. मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है. ऐसे में प्रशासन के सामने हालात सामान्य करना बड़ी चुनौती बना हुआ है. बारिश के बाद गुरुग्राम में कई जगह लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा. दफ्तरों से घर लौट रहे कर्मचारियों को अपने घर पहुंचने में 5 से 6 घंटे तक का समय लग गया.

दिल्ली- गुरुग्राम बॉर्डर से लेकर शहर के अंदरूनी इलाकों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. कई वाहन जलभराव के कारण बीच सड़क पर बंद हो गए जिससे जाम और बढ़ गया. भूख- प्यास से परेशान लोग देर रात तक अपनी गाड़ियों में फंसे रहे.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम में आज CM सैनी की दो बैठकें, जनसमस्याओं से लेकर स्टार्टअप तक होगी चर्चा

NH- 48 बना पार्किंग लॉट

बारिश का सबसे ज्यादा असर दिल्ली- जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH- 48) और उससे जुड़ी सड़कों पर देखने को मिला. हाईवे पर करीब 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया. हीरो होंडा चौक, राजीव चौक, इफ्को चौक और खेड़की दौला टोल प्लाजा समेत कई प्रमुख स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया. देखते ही देखते हाईवे पार्किंग लॉट में बदल गया. यात्रियों ने बताया कि कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी कई घंटे लग गए.

दिल्ली पुलिस ने भी जारी की एडवाइजरी

NH- 48 पर जलभराव और जाम को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है. लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल दिल्ली से गुरुग्राम की यात्रा करने से बचें. पुलिस के अनुसार नरसिंहपुर के पास हाईवे का हिस्सा धंस गया है. जरूरी यात्रा की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग या दिल्ली मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी गई है. पिछले 24 घंटे में गुरुग्राम जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई. गुरुग्राम तहसील में 83 मिमी, कादीपुर और हरसारू में 87-87 मिमी, वजीराबाद में 53 मिमी, मानेसर में 56 मिमी, सोहना में 30 मिमी, पटौदी में 29 मिमी, फर्रुखनगर में 31 मिमी और बादशाहपुर में 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. लगातार बारिश के चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है. साथ ही, लोगों से मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.