गुरुग्राम, फरीदाबाद में तेजी से बढ़ रहा है Corona, शुरुआती जांच में ये बड़ी वजह आई सामने

गुरुग्राम । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ हरियाणा में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों ने राज्य सरकार की सतर्कता बढ़ा दी है. सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद सहित एनसीआर क्षेत्र में बढ़ रहे केसों की समीक्षा शुरू कर दी है. लगातार बढ़ रहे संक्रमित केसों की वजह का पता लगाने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरी रिपोर्ट सोमवार को सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को सौंपी जाएगी जिसके बाद आगामी रणनीति तैयार की जाएगी.

corona checkup

एनसीआर क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या का कारण तलाशने के लिए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी फील्ड में उतरे हुए हैं. खुद स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने गुरुग्राम का दौरा किया है और वहां अधिकारियों के साथ विस्तार से मंथन किया है. ऐसी संभावना जताई जा रही है कि एनसीआर क्षेत्र में फिर से पाबंदियों का दौर शुरू हो सकता है.

शुरुआती जांच पड़ताल में यह सामने आया है कि गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत एनसीआर क्षेत्र में विदेश से लोगों का आवागमन अधिक रहता है, इसलिए यहां संक्रमण मामलों की संख्या का आंकड़ा बढ़ रहा है. हालांकि अन्य- अन्य कारणों की पूरी रिपोर्ट सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री को सौपी जाएगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर भविष्य की रुपरेखा तैयार की जाएगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के हजारों लोगों के लिए खुशखबरी, इस सेक्टर के 220 KV सबस्टेशन का रास्ता साफ

तेजी से बढ़ रही है संक्रमण दर

हरियाणा में कोरोना संक्रमण दर मात्र 15 दिनों में ही 0.40 से बढ़कर 3.50 % को पार कर चुकी हैं. हर रोज 200 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं. एक्टिव केसों की संख्या का आंकड़ा 800 के पार पहुंच गया है. अभी हर रोज 8000 के करीब लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं. अगर सैंपल की संख्या बढाई जाती है तो संक्रमित मरीजों की संख्या का आंकड़ा और बढ़ सकता है.

कोरोना के 191 नए केस

प्रदेश में रविवार को 191 नए केस सामने आए हैं जिनमें सबसे अधिक गुरुग्राम में 157 है. वहीं फरीदाबाद से 32 संक्रमित केस सामने आए हैं. यमुनानगर और सोनीपत में 1-1 जबकि बाकी जिलों से एक भी केस सामने नहीं आया है. रविवार को संक्रमण दर 2.63 प्रतिशत रही, जबकि रिकवरी दर 98.63 प्रतिशत रही.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.