गुरुग्राम | हरियाणा में गुरुग्राम नगर निगम की ओर से हरसरू गांव में सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है. यह निर्माण कार्य 22 जून से 25 जुलाई तक चलेगा. सड़क निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित कर दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों को निर्धारित रूट से गुजरने की अनुमति नहीं होगी.

निर्माण कार्य के कारण मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए पहले ही डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सड़क निर्माण का काम भी समय पर पूरा हो सके.
गुरुग्राम में 25 जुलाई तक प्रतिबंध
यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पटौदी से गाड़ौली, गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले भारी वाहन हयातपुर चौक से दाएं मुड़ेंगे. इसके बाद, वाहन सती चौक तक पहुंचेंगे जहां से बाएं मुड़कर सीधे ऐलान चौक गोलचक्कर की ओर जाएंगे और वहां से द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ आगे बढ़ सकेंगे. वहीं, गाड़ौली, गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे से हयातपुर तथा पटौदी की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है. ऐसे वाहन हरसरू चौक से करीब डेढ़ किलोमीटर सीधा ऐलान चौक की ओर जाएंगे.
नहीं गुजर सकेंगे भारी वाहन
गोलचक्कर से दाएं मुड़कर सती चौक पहुंचेंगे और वहां से फिर दाएं मुड़ते हुए हयातपुर चौक के रास्ते पटौदी की ओर जा सकेंगे. ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें. साथ ही, सड़क निर्माण क्षेत्र के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो.