टैक्स नहीं भरा तो सील, मानेसर के मर्चेंट प्लाजा पर नगर निगम की कार्रवाई

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में प्रॉपर्टी टैक्स की बकाया राशि वसूलने के लिए मानेसर नगर निगम ने डिफाल्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. इसी अभियान के तहत नगर निगम की टैक्स विंग ने सेक्टर- 88 स्थित मर्चेंट प्लाजा को सील कर दिया. इस व्यावसायिक परिसर पर निगम का करीब 11 करोड़ 55 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था.

Gurugram Nagar Nigam

निगम के अनुसार लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं कराई जा रही थी. इसके बाद नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई. यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव के निर्देश पर की गई.

मौके पर पहुंची टीम

टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के नेतृत्व में टैक्स विंग की टीम मौके पर पहुंची. टीम में नवीन, नितेश और मनीष समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे. अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए मर्चेंट प्लाजा की इमारत को सील कर दिया. नोटिस के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संपत्ति मालिकों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी सीलिंग समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी. निगम का लक्ष्य बकाया टैक्स की वसूली के साथ संपत्ति मालिकों को समय पर टैक्स जमा कराने के लिए भी जागरूक करना है.

पहले भी दिए गए थे नोटिस

नगर निगम की ओर से मर्चेंट प्लाजा प्रबंधन को बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने के लिए पहले भी कई बार नोटिस जारी किए जा चुके थे. निगम ने निर्धारित समय में टैक्स जमा कराने का अवसर दिया था, लेकिन भुगतान नहीं होने के बाद म्युनिसिपल नियमों के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई. निगम अधिकारियों के मुताबिक प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम की आय का महत्वपूर्ण स्रोत है और लंबे समय से भुगतान नहीं करने वाले डिफाल्टरों के खिलाफ अब सख्ती बरती जा रही है.

मानेसर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया प्रॉपर्टी टैक्स वाले अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रेजिडेंशियल टावरों पर भी कार्रवाई की जाएगी. निगम की टैक्स विंग ऐसे डिफाल्टरों की पहचान कर रही है, जिन पर लंबे समय से टैक्स बकाया है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.