गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में दुनिया की पहली ड्रोन + AI रोबोट डोर- स्टेप डिलीवरी सर्विस की शुरुआत हो चुकी है, जिसने भारत को ग्लोबल इनोवेशन मैप पर सबसे आगे ला खड़ा कर दिया है. अब गुरुग्राम के कुछ इलाकों में सामान की डिलीवरी ड्रोन और AI से लैस रोबोट के माध्यम से की जाएगी. यह पहल पारंपरिक डिलीवरी सिस्टम को तेज, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
इस हाई- टेक सिस्टम के अनुसार सेक्टर 102 स्थित द्वारका एक्सप्रेसवे पर बने स्काईपोर्ट से ड्रोन उड़ान भरेंगे और निर्धारित स्थान पर पार्सल पहुंचाएंगे. ड्रोन लगभग 10 किलोग्राम तक का सामान करीब 5 KM के दायरे में कुछ मिनटों में पहुंचाने में सक्षम होंगे. ड्रोन से तय प्वाइंट तक पहुंचे पार्सल को AI सक्षम रोबोट ग्राहक के दरवाजे तक पहुंचाएंगे.
हरियाणा के इस शहर में हुई शुरुआत
इस अत्याधुनिक सेवा को ड्रोन लॉजिस्टिक्स कंपनी Skye Air Mobility ने विकसित किया है. यह सेवा न केवल डिलीवरी को तेज बनाएगी बल्कि डिलीवरी वर्करों के जोखिम को भी कम करेगी. इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी.अब गुरुग्राम आधिकारिक तौर पर दुनिया का पहला AI डिलीवरी हब बन गया है.
गुरुग्राम को अब साइबर सिटी ही नही, बल्कि फ्यूचर सिटी के नाम से भी जाना जाएगा क्योंकि यहां से दुनिया की पहली ऐसी डोर स्टेप डिलीवरी शुरु हुई है जिसमें न डिलीवरी बॉय होगा और न ट्रैफिक का सिस्टम होगा. इसमें आसमान से ड्रोन और जमीन पर AI रोबोट मिलकर आपके घर तक सामान पहुंचाएंगे.
भारत बना नवीनतम तकनीकी डिलीवरी हब
इस तकनीक के जरिए भारत दुनिया के नवीनतम तकनीकी डिलीवरी हब के रूप में उभर रहा है, जहां ड्रोन और AI रोबोट मिलकर रोजमर्रा की डिलीवरी को ओर अधिक स्मार्ट, सुरक्षित और तेज बना रहे है. इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा गिग वर्कर्स को होगा. भारत की इस पहल ने दुनिया को बता दिया है कि वह तकनीकी में किसी से पीछे नहीं है.
