गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र और आसपास के सेक्टरों को नहरी पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) ने नई पाइपलाइन बिछाने की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है.
सवा 3 करोड़ रुपए आएगी लागत
इस प्रोजेक्ट के तहत कुल 7.66 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसपर लगभग सवा 3 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी. इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 9 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है. यहां ग्वाल पहाड़ी में निर्माणाधीन बूस्टिंग स्टेशन को जोड़ने के लिए जलापूर्ति लाइन बिछाई जाएगी.
इसमें 3 अलग- अलग व्यास की डक्टाइल आयरन (डीआई) पाइपों की एक मजबूत वितरण नेटवर्क बिछाया जाएगा, जिसके माध्यम से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जायेगी. वर्तमान में GMDA का मास्टर जलापूर्ति नेटवर्क सेक्टर 58- 59 तक बिछाया जा चुका है, जहां से ग्वाल पहाड़ी बूस्टिंग स्टेशन की इनलेट लाइन जोड़ी जाएगी.
खत्म होगी निर्भरता
यहां तक पेयजल की आपूर्ति सेक्टर- 72 बूस्टिंग स्टेशन से होगी, जिसे चंदू बुढेड़ा जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) से शुद्ध जल प्राप्त होता है. GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर जल वितरण दक्षता में बढ़ोतरी होगी. लोगों की ट्यूबवेल और निजी टैंकरों पर से निर्भरता खत्म होगी. साथ ही, इलाके के घरों तक सतत् एवं विश्वसनीय पेयजलापूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी.
