गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां शहरवासियों को जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए वन विभाग ने अरावली पहाड़ियों की तलहटी में चेक डैम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है. 45 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस डैम के माध्यम से बरसाती पानी के बहाव को कम करने में मदद मिलेगी.

सोहना शहर अरावली पहाड़ियों की तलहटी में बसा हुआ है. ऐसे में बारिश के मौसम में पानी अरावली की पहाड़ियों से गुजरता हुआ सीधा शहर में एंट्री करता है. पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने के चलते सड़कों, बाजारों और गली- मोहल्लों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
जलभराव से मिलेगा छुटकारा
शहर की प्रमुख गलियों में पानी खड़ा हो जाता है जिससे लोगों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है. इससे दुकानदारों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है. व्यापारियों और शहर के लोगों की इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने शहर के वार्ड नंबर- 16 से लगती अरावली पहाड़ी से आने वाले बरसाती पानी का बहाव कम करने के लिए चेक डैम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है.
साल 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा गांव सिरमथला में आयोजित रैली के दौरान चेक डैम बनाने की घोषणा की थी. इस चेक डैम की दीवारें RCC की बनेगी जो पानी के तेज बहाव को रोककर जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने में मदद करेगा. इस डैम का निर्माण कार्य 50% पूरा हो चुका है. वहीं, इस चेक डैम के निर्माण से पशु-पक्षियों को सालभर पीने के पानी की सुविधा मिलेगी.
इन इलाकों को मिलेगी राहत
चेक डैम के निर्माण से सोहना शहर के फव्वारा चौक, पुरानी सब्जी मंडी, ठाकुरवाड़ा, पठान वाड़ा, गूजर घाटी, गर्म खेल, अस्पताल मार्ग, सब्जी मंडी, अनाज मंडी सहित कई अन्य इलाकों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी.