गुरुग्राम, UPI Payment | अब बाजार में सब्जी खरीदनी हो, रेस्टोरेंट का बिल देना हो या फिर किसी दुकान पर खरीदारी करनी हो… जेब में कैश न होने पर भी काम आसानी से चल जाता है. मोबाइल निकाला, QR कोड स्कैन किया और कुछ ही सेकंड में पेमेंट हो गया. हरियाणा में भी UPI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है और इसमें गुरुग्राम सबसे आगे निकल गया है. बता दें कि अगस्त 2026 के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा में UPI के जरिए कुल 64,236 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ. इसमें अकेले गुरुग्राम की हिस्सेदारी करीब 32.7 प्रतिशत रही. प्रदेश में UPI के जरिए खर्च हुए हर 100 रुपये में करीब 33 रुपये का डिजिटल कारोबार गुरुग्राम में हुआ.

अगस्त में गुरुग्राम में करीब 18.77 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुए. इनके जरिए 21,018 करोड़ रुपये से ज्यादा का लेनदेन किया गया. कॉरपोरेट ऑफिस, IT कंपनियों, बाजार, मॉल, रेस्टोरेंट, छोटे कारोबार और ऑनलाइन सेवाओं में बड़े स्तर पर डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल होने के कारण गुरुग्राम इस मामले में प्रदेश में सबसे आगे है.
21 हजार करोड़ से ज्यादा का पेमेंट
वहीं, पूरे हरियाणा में अगस्त के दौरान 46.92 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन दर्ज किए गए. दो साल पहले अगस्त 2024 में यह संख्या 32.89 करोड़ थी. इस तरह दो साल में ट्रांजैक्शन की संख्या में करीब 42.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. इसी दौरान UPI से होने वाले कारोबार की रकम भी 46,509 करोड़ रुपये से बढ़कर 64,236 करोड़ रुपये हो गई.
दूसरे नंबर पर फरीदाबाद
गुरुग्राम के बाद फरीदाबाद में भी UPI का खूब इस्तेमाल हो रहा है. अगस्त में यहां करीब 6.30 करोड़ ट्रांजैक्शन के जरिए 7,820.24 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ. अगर गुरुग्राम और फरीदाबाद को एक साथ देखें तो हरियाणा के कुल UPI कारोबार में दोनों जिलों की हिस्सेदारी करीब 44.9 प्रतिशत बैठती है. यानी प्रदेश के डिजिटल कारोबार का एक बड़ा हिस्सा इन दो जिलों में हो रहा है.
15 अक्टूबर से लागू नया MDR
इसी बीच UPI से जुड़े नए MDR को लेकर व्यापारियों के बीच नाराजगी भी देखने को मिल रही है. 15 अक्टूबर 2026 से चुनिंदा Person-to-Merchant UPI भुगतान में 2 हजार रुपये से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत Merchant Discount Rate लागू होगा. यह रकम संबंधित व्यापारी से ली जाएगी. वहीं, व्यक्ति से व्यक्ति (P2P) ट्रांजैक्शन पहले की तरह मुफ्त रहेंगे. छोटे व्यापारियों और कई तरह के लेनदेन को भी इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है.