गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम की सड़कों पर अब आपको एयरपोर्ट जैसी व्यवस्था देखने को मिलेगी. इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस द्वारा इफको चौक मेट्रो स्टेशन से एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत ऑटो और टैक्सी के लिए अलग- अलग लेन बनाई जाएगी. जैसे एयरपोर्ट पर फ्लाइट के अनुसार गेट और बोर्डिंग होती है, ठीक वैसे ही यहां अपने नंबर के अनुसार ही ऑटो व टैक्सी सवारियां बिठाने का काम करेगी.
ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इफको चौक मेट्रो स्टेशन पर यदि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे शहर के अन्य मेट्रो स्टेशन पर भी लागू किया जाएगा. इस नई व्यवस्था के तहत, मेट्रो स्टेशन के बाहर एक समय में 15 से 20 ऑटो व टैक्सी खड़ा हो सकेगी, जबकि बाकी वाहन दूर निर्धारित पार्किंग में अपनी बारी का इंतजार करेंगे. जिस वाहन का नंबर आएगा, वही आगे आएगा और सवारियां बिठाएगा.
नई व्यवस्था से दिखेगा गुरुग्राम में सुधार
ट्रैफिक इंस्पेक्टर इंदू बाला ने बताया कि इस नई व्यवस्था से ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और साथ ही ऑटो व टैक्सी चालकों की मनमानी पर रोक लगाई जा सकेगी. इस व्यवस्था से न कोई चालक मनमर्जी से किराया वसूल सकेगा और न ही आपस में सवारियां छीन सकेंगे क्योंकि यहां एयरपोर्ट की तर्ज पर ही ट्रैफिक पुलिस की एक स्पेशल टीम लगातार मॉनिटरिंग करेगी.
पूर्ण जानकारी होगी दर्ज
उन्होंने बताया कि सभी ऑटो व टैक्सी की पूर्ण जानकारी एक रजिस्टर में दर्ज होगी, जिसमें रजिस्ट्रेशन नंबर, ड्राइवर का नाम व मोबाइल नंबर और एंट्री टाइम दर्ज किया जाएगा. यह डिजिटल और फिजिकल दोनों तरीकों से संचालित होगा. इस पहल का मेट्रो यात्रियों को सबसे बड़ा फायदा पहुंचेगा क्योंकि उन्हें मेट्रो स्टेशन से उतरते ही तुरंत और निश्चित किराए पर ऑटो व टैक्सी की सुविधा मिलेगी. वहीं, दूर पार्किंग में इंतजार करने वाले ड्राइवर्स को WhatsApp पर मैसेज भेज कर बुलाया जाएगा, ताकि समय की बर्बादी न हो.
