गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में यात्रियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम नगर निगम द्वारा सड़क मरम्मत कार्यों के चलते 28 मार्च से 30 मार्च (दोपहर तक) बसई रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है.
इस दौरान सड़क के सेक्टर 10 सिविल अस्पताल के पास वाले हिस्से में निर्माण कार्य किया जाएगा. यहां ट्रैफिक का दबाव अधिक होने के कारण काम को रात के समय किया जाएगा. यह कार्य प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा, ताकि दिन में ट्रैफिक पर कम असर पड़े.
वैकल्पिक मार्ग का करें उपयोग
प्रशासन के अनुसार, मरम्मत के दौरान सड़क का प्रभावित हिस्सा पूरी तरह बंद किया जा सकता है. ऐसे में ट्रैफिक की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने और अस्पताल तक एम्बुलेंस व आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध पहुंच के लिए वैकल्पिक रास्ता निर्धारित किया गया है.
नए ट्रैफिक प्लान के तहत बसई रोड से सेक्टर-10 अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों को दूसरे मार्गों से भेजा जाएगा. हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौके पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी, जो वाहनों को सही दिशा का मागदर्शन करेगी और जाम की स्थिति को नियंत्रित करेगी.
लोगों से अपील
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह सुधार कार्य सड़कों की खराब स्थिति को सुधारने हेतु किया जा रहा है. पिछले कुछ समय से इस मार्ग पर गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी, जिससे देखते हुए यह कदम उठाया गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दिए गए समय के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
