गुरुग्राम | साईबर सिटी गुरुग्राम से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां शहर की सड़कों को आधुनिकीकरण बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए गुरुग्राम नगर निगम द्वारा न्यू पालम विहार में साई चौक से श्रीराम चौक तक की सड़क को मॉडल सड़क मार्ग के रूप में विकसित करने का फैसला लिया गया है. इस प्रोजेक्ट पर करीब 1.50 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अगले महीने के आखिर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. फिलहाल, यह सड़क अपनी बदहाल स्थिति के साथ- साथ अतिक्रमण से भी जूझ रही है. उन्होंने बताया कि ट्रायल के तौर पर इस सड़क को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा. यदि ट्रायल सफल रहा, तो फिर शहर की 100 किलोमीटर सड़कों को मॉडल बनाने का काम किया जाएगा.
लोगों को मिलेगी यह सुविधाएं
चौड़ी सड़क और फुटपाथ: सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और पैदल यात्रियों के लिए आरामदायक फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा.
साईकिल ट्रैक: साईकिल सवारों की सिक्योरिटी और सुविधा के लिए एक अलग साईकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा. लोगों के आराम फरमाने के लिए जगह- जगह बैंच लगाएं जाएंगे.
स्ट्रीट लाइटें और हरियाली: सड़क मार्ग पर डिजाइनर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी. सड़क मार्ग की सुंदरता को और ज्यादा बढ़ाने के लिए दोनों दिशाओं में हरियाली विकसित की जाएगी. रंग- बिरंगे फूलों के पौधे लगाए जाएंगे.
न्यू पालम विहार में साई चौक से श्रीराम चौक तक सड़क मार्ग को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा. इसको लेकर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. सितंबर महीने के आखिर में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा- सुंदर श्योराण, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम गुरुग्राम
