गुरुग्राम के इस सेक्टर में बनेगी आधुनिक सड़क, साथ मिलेगी फुटपाथ और साईकिल ट्रैक की सुविधा

गुरुग्राम | दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सेक्टर- 16 में 5 किलोमीटर लंबी एक सड़क को आधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा. नगर निगम द्वारा न केवल इस सड़क को चकाचक किया जाएगा, बल्कि साथ- साथ फुटपाथ और साइकिल ट्रैक का भी निर्माण किया जाएगा. इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए 8 करोड़ रुपए का बजट तैयार किया गया है. इसके निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है.

Road

प्रमुख व्यवसायिक केंद्र

यह सड़क शहर में कुल 100 किलोमीटर लंबी आधुनिक सड़कों को विकसित करने की निगम की बड़ी योजना का हिस्सा होगी. सेक्टर- 16 का महत्व देखते हुए यह पहल और भी खास है, क्योंकि यह क्षेत्र गुरुग्राम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (GIA) का घर है और एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां जेनपैक्ट, इंफोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एक्सेंचर जैसी कई आईटी और बीपीओ कंपनियां स्थित हैं. ऐसे में इस सड़क की आधुनिकता से यहां के हजारों कर्मचारियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी.

इस सड़क के आधुनिक बनने से सेक्टर- 16 के निवासियों और यहां काम करने वाले लोगों को बड़े स्तर पर फायदे पहुंचेंगे. साइकिल ट्रैक से फिटनेस पर ध्यान देने वाले लोगों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा, जो खासकर आफिस आवाजाही करने वाले कर्मचारियों के लिए उपयोगी साबित होगा. वहीं, चौड़े फुटपाथ से पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित आवागमन का वातावरण मिलेगा, जिससे सड़क हादसों का खतरा कम होगा. सौर ऊर्जा से संचालित लाइटें रात में सुरक्षा बढ़ेगी और शहर का कार्बन फुटप्रिंट घटेगा.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के बादशाहपुर क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ने इन विकास कार्यों का दिया तोहफा

गुणवत्ता से समझौता नहीं

यह आधुनिक सड़क न केवल वाहनों के लिए सुगम होगी बल्कि नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं के मामले में भी नई मिसाल कायम करेगी. नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि इस सड़क मार्ग का निर्माण पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि पेवर सहित आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए किया जाएगा. इससे सड़क की गुणवत्ता और जीवनकाल दोनों बढ़ेंगे. निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.