गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) द्वारा द्वारका एक्सप्रेस-वे और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए वाटिका चौक पर दो एलिवेटेड रैंप का निर्माण किया जाएगा. इनका डिजाइन तैयार कर लिया गया है. जल्द ही, इसको अंतिम रूप देकर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. अच्छी बात यह है कि इनके निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
गुरुग्राम से ट्रैफिक होगा गायब
GMDA ने द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर वाटिका चौक सदर्न पेरिफेरल रोड यानि (SPR) और गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड से लेकर वाटिका चौक (गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड) तक दोनों तरफ फोरलेन एलिवेटेड रैंप तैयार करने की योजना बनाई है. पहले चरण में SPR पर एलिवेटेड रोड के निर्माण का टेंडर आवंटित किया जाएगा. इस टेंडर के तहत, एलिवेटेड रोड के नीचे 3- 3 लेन की मुख्य सड़क होगी. इसके साथ में दोनों तरफ 2- 2 लेन की सर्विस रोड बनाई जाएगी. इस प्रोजेक्ट पर 750 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी.
ऐसा होगा डिजाइन
द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर- 84 स्थित ऐलान मॉल के पास निर्मित एलिवेटेड रैंप की तर्ज पर वाटिका चौक पर चारों दिशाओं में एलिवेटेड रैंप का निर्माण किया जाएगा. यदि कोई द्वारका एक्सप्रेसवे या गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड से दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ जाना चाहता है तो वह एलिवेटेड रैंप की मदद से जा सकता है. इसी तरह दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे से आ रहे वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम- फरीदबाद रोड जाने के लिए वाटिका चौक पर नीचे नहीं उतरना पड़ेगा. एलिवेटेड रैंप की मदद से बिना नीचे उतरे चारों दिशाओं में वाहन आवाजाही कर सकेंगे.
ट्रैफिक जाम से पड़ता जूझना
मौजूदा समय में SPR और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर खासकर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. वाटिका चौक से यदि गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड की तरफ जाना है तो 6 किलोमीटर लंबी इस दूरी को तय करने में लगभग 40- 45 मिनट का समय लगता है. अब एलिवेटेड रैंप की बदौलत वाहनों को ट्रैफिक जाम के झंझट से छुटकारा मिलेगा.
