गुरुग्राम | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मंगलवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने ‘विकसित गुरुग्राम महारैली’ में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुग्राम हरियाणा की ही नहीं बल्कि देश की आर्थिक राजधानी के रूप में तेजी से उभर रहा है. IT, टेलिकॉम हब, ऑटोमोबाइल, गारमेंट्स आदि के रूप में आज गुरुग्राम विश्वस्तरीय पहचान बना चुका है. गुरुग्राम को देश ही नहीं बल्कि दुनिया के बेहतरीन शहरों में शुमार करने की दिशा में काम किया जाएगा.
इस रैली में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मुख्यमंत्री के सामने गुरुग्राम में कम से कम 4 जिला नागरिक अस्पताल एवं 4 सब्जी मंडी बनाने की मांग उठाई. वहीं, हीरो होंडा चौक से लेकर कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक तक की सड़क को एलिवेटेड किए जाने की भी मांग रखी गई. भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य व पूर्व सांसद सुधा यादव ने कहा कि गुरुग्राम विकासशील न रहकर विकसित होना चाहिए और जो कुछ कमियां हैं, उन्हें जल्द दूर करने पर प्राथमिकता होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने जताई सहमति
विकसित गुरुग्राम महारैली में स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा द्वारा रखी गई ज्यादातर मांगों को सीएम नायब सैनी ने स्वीकार कर लिया और अन्य मांगों के ऊपर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया.
मुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
- शहर की 100 किलोमीटर लंबी सड़कें स्मार्ट बनेगी.
- गुरुग्राम पुलिस लाइन के निकट गौशाला मैदान में लगभग 4. 90 करोड़ रुपये की लागत से नए विद्यालय भवन का निर्माण.
- गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू करने की घोषणा की गई है.
- नेहरू स्टेडियम में पुराने खेल हॉस्टल की जगह पर नया आधुनिक खेल हॉस्टल बनाया जाएगा.
- वजीराबाद में पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर 50 बेड का अस्पताल बनाने और वजीराबाद में मैत्री वन को शीघ्र पूर्ण कराने, खाटू धाम के लिए धार्मिक संस्था द्वारा आवेदन किए जाने पर नियमानुसार प्लाट उपलब्ध कराने की घोषणा.
- सेक्टर-29 में सिटी बस टर्मिनल का निर्माण व पुराने बस स्टैंड के शिफ्ट होने के बाद वहां सिटी बस डिपो व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएगी.
- बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी की सुविधा, गुरु द्रोणाचार्य एवं माता शीतला के नाम पर शहर में प्रवेश द्वार, राजेंद्रा पार्क क्षेत्र में श्मशान घाट और कमला नेहरू पार्क एवं गांव सिलोखरा में सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा.
- शहर के सबसे बड़े व पुराने सदर बाजार को स्मार्ट बाजार बनाने की घोषणा होते ही रैली स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.
