गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटा गुरुग्राम, जो कॉरपोरेट हब के रूप में जाना जाता है. अब अपनी पहचान को पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में भी मजबूत करने जा रहा है. यहां अरावली की तलहटी में बसे सोहना क्षेत्र को जल्द ही एक नई पर्यटन पहचान मिलने जा रही है. बता दें कि हरियाणा सरकार यहां गुरुग्राम के प्रसिद्ध मनोरंजन केंद्र किंगडम ऑफ ड्रीम्स की तर्ज पर एक आधुनिक पर्यटन और सांस्कृतिक हब विकसित करने की योजना बना रही है. इससे सोहना को पर्यटन के रूप में नई पहचान मिलेगी.

12 एकड़ जमीन का चुनाव
इस परियोजना के लिए सोहना की अरावली पहाड़ी से सटी 12 एकड़ जमीन को चिन्हित किया गया है. पिछले कुछ सालों से इस शहर का विकास तेजी से बढ़ रहा है और यहां विकास की अनेकों योजना सफल हुई है. यह शहर दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के नजदीक होने के कारण कई शहरों से इसकी कनेक्टिविटी बेहतर है. यह शहर पहले ही अपने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत माहौल के लिए जाना जाता है और अब इस परियोजना के बाद इसकी लोकप्रियता ओर बढ़ जाएगी.
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
गुरुग्राम से मात्र 18 किलोमीटर दूरी पर स्थित सोहना यदि पर्यटन स्थल में रूप में विकसित होता है तो निश्चित तौर पर यहां पर्यटकों की रूचि बढ़ेगी. इसके साथ ही, इस क्षेत्र को पर्यटन के रूप में नई पहचान मिलेगी. अभी तक यह शहर केवल शिव कुंड की वजह से पहचान में था, लेकिन अब यहां किंगडम ऑफ ड्रीम्स जैसे दार्शनिक केंद्र स्थापित होने से क्षेत्र की सुंदरता दोगुनी उभर कर आएगी.
परियोजना के अनुसार यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव शो, हस्तशिल्प, खान- पान और मनोरंजन से जुड़े विभिन्न आकर्षण विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा, यहां जिमखाना क्लब और जंगल सफारी का प्रस्ताव भी अभी चर्चा में है. अरावली की हरियाली, प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण इस परियोजना को ओर खास बना देंगे.