गुरुग्राम | साइबर सिटी गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए मंगलवार 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह जारी की गई है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिले के कॉरपोरेट कार्यालयों के साथ सरकारी और निजी स्कूलों एवं संस्थानों के लिए यह एडवाइजरी जारी की है. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने सभी कॉरपोरेट कार्यालयों तथा सरकारी और निजी स्कूलों और संस्थानों को 25 अगस्त से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए मार्गदर्शन करने की सलाह दी है.

स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को कक्षाएं ऑनलाइन संचालित करने की सलाह दी गई है. प्रशासन के मुताबिक, इस एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना और ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचाव करना है.
सड़कों पर भरा पानी
सड़कों और ड्रेनों की मरम्मत तथा सफाई का काम भी सुचारू रूप से कराया जा सकेगा. भारी बारिश के बाद गुरुग्राम के कई प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड, साइबर हब, सिग्नेचर टावर, शंकर चौक और सेक्टर-57 सहित आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की रफ्तार थम गई. पुरानी न्यू कॉलोनी, सेक्टर- 4, सेक्टर- 5 और सेक्टर- 8 समेत कई इलाकों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया. द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा. कई प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पहुंचने में लगा 50 मिनट
बारिश के कारण सोमवार को ट्रैफिक की स्थिति इतनी खराब रही कि सिग्नेचर टॉवर से हीरो होंडा चौक तक पहुंचने में करीब 50 मिनट लग गए. साइबर हब के पास गेटवे टॉवर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा पानी में डूब गया, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर यातायात बाधित रहा. शीतला माता रोड भी जलभराव से सबसे अधिक प्रभावित मार्गों में शामिल रहा. प्रशासन ने लोगों से मौसम और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और स्थानीय निर्देशों का पालन करने की अपील की है.