गुरुग्राम | हरियाणा के नए गुरुग्राम में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने सेक्टर- 68 और 69 के बीच लंबे समय से अधूरे पड़े सड़क कॉरिडोर को पूरा करने की तैयारी शुरू कर दी है. करीब 25.37 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना के तहत 900 मीटर मुख्य सड़क, 900 मीटर सर्विस रोड, स्टार्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क और दोनों ओर फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा.

GMDA के अनुसार, यह सड़क करीब 2 किलोमीटर लंबे प्रमुख सड़क कॉरिडोर का हिस्सा है. इसमें से लगभग 1.1 किलोमीटर सड़क पहले ही तैयार की जा चुकी है, जबकि 900 मीटर हिस्सा अधूरा रह गया था.
नया कॉरिडोर
अब इस हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद सेक्टर- 68, सेक्टर- 69 और आसपास के इलाकों के बीच बिना रुकावट यातायात संभव हो सकेगा. इसका लाभ न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों को मिलेगा. जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि कार्य आवंटन के बाद परियोजना को 1 साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि यह सड़क नेटवर्क में मौजूद एक महत्वपूर्ण मिसिंग लिंक को खत्म करेगी और पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगी.
बनाए जाएंगे फुटपाथ
मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड, वर्षा जल निकासी के लिए स्टार्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क और दोनों ओर फुटपाथ बनाए जाएंगे. इससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या कम होगी और पैदल चलने वालों को भी सुरक्षित रास्ता मिलेगा. गुरुग्राम में बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे शहरी विकास को देखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.