गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएगी. साइबर सिटी के विभिन्न इलाकों में सर्विस रोड, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट के विकास पर करीब 108 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके लिए गुरुग्राम महानगरीय विकास प्राधिकरण (GMDA) की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है.

योजना के तहत सेक्टर- 60- 61, 62- 63, 64- 65 और 66- 67 को जोड़ने वाली डिवाइडिंग सड़कों के किनारे आधुनिक फुटपाथ और हरित पट्टियां विकसित की जाएंगी. इन कार्यों पर लगभग 29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इससे पैदल चलने वालों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. वहीं, शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा.
आएगी 25 करोड़ की लागत
शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल सुभाष चौक से हीरो होंडा चौक तक करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से नई सर्विस रोड बनाई जाएगी. वर्तमान में इस मार्ग पर स्थानीय और लंबी दूरी के वाहनों का भारी दबाव रहता है, जिसके कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है. सर्विस रोड बनने के बाद मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है. इसके अलावा, आरडी सिटी से शीशपाल विहार तक नई सर्विस रोड के निर्माण की भी योजना तैयार की गई है. लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से आसपास की आवासीय कॉलोनियों, संस्थानों और स्थानीय निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा.
सर्विस रोड विकसित करने की तैयारी
सेक्टर- 70, 70ए और 75 क्षेत्र में भी मास्टर रोड के साथ सर्विस रोड विकसित करने की तैयारी चल रही है. इन इलाकों में तेजी से बढ़ती आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए DPR तैयार की जा रही है. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर होगा, पैदल यात्रियों को सुरक्षित फुटपाथ मिलेंगे और ग्रीन बेल्ट के विकास से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार सभी परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा.