गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में तीव्र गति के विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. एक कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने बताया कि धौला कुआं से मानेसर के बीच पॉड टैक्सी के संचालन की योजना बनाई गई है.
300 केबल कार चलाने की योजना
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हमारी सरकार ने देशभर में 300 केबल कार चलाने की योजना बनाई है. बुधवार यानी आज तक बैठक हैं जिसमें दिल्ली के धौला कुआं से हरियाणा मानेसर के बीच के लिए प्रेजेंटेशन है. पांच टेक्नोलॉजी का प्रेजेंटेशन ले रहा हूं. दुनिया की पांच बड़ी कंपनी शामिल होगी. हम 200 किलोमीटर की रफ्तार से एक साथ 20 से 25 लोग हवा में सफर कर सकेंगे, ऊपर पॉड होगा. हालांकि जगह-जगह रूकने के चलते निरंतर इतनी स्पीड नही होगी.
उन्होंने अन्य प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए कहा कि केदारनाथ में रोप-वे की योजना है. इस प्रोजेक्ट की कीमत 5 हजार करोड़ रुपए है. टिकट की कीमत नाममात्र रहेगी. जहां पहले इस सफर को तय करने में लगभग साढ़े पांच घंटे का समय लगता था, अब उस सफर को मात्र 30 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इस प्रोजेक्ट पर इनवेस्टर खर्चा कर रहा है. हम कुछ नहीं कर रहे हैं. ऊपर से 800 करोड़ रुपये हमें तो रॉयलिटी मिल रही है.
सार्वजनिक परिवहन के लिए योजना
नितिन गडकरी ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आसान और मजबूत होनी चाहिए. मैं चेकोस्लोवाकिया गया था, वहां फ्लैश चार्जिंग बसें हैं. डीजल बसों की तुलना में इसकी कीमत 30% कम हैं. हर बस स्टॉप पर मात्र 20 सेकंड में ये बसें चार्ज हो जाती है. पायलट प्रोजेक्ट नागपुर में कर रहे हैं. टाटा को ये प्रोजेक्ट मिला है. धारवाड़ में मैन्युफैक्चरिंग की शुरुआत की है.
उन्होंने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए मेट्रो की मांग अधिक होती हैं जबकि प्रति किलोमीटर इसपर 550 करोड़ रुपए लागत आती है. वहीं, इलेक्ट्रिक बसों की लागत 2 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर है. ये बस सेवा कब से शुरू होगी, के सवाल पर गडकरी ने कहा कि 11 साल से परिवहन मंत्री हूं, जो बोलता हूं करता हूं.
