गुरुग्राम | हरियाणा के मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में पानी की बर्बादी को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है. बता दें कि गुरुग्राम नगर निगम ( MCG) ने शहर में बढ़ती गर्मी और पानी की कमी को देखते हुए पानी की बर्बादी रोकने के लिए सख्त चेतावनी जारी की है. नगर निगम ने कहा है कि जो लोग पीने के पानी का दुरुपयोग करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

काट दिए जाएंगे कनेक्शन
इसके लिए नगर निगम द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अलग- अलग इलाकों में टीमें भेजी जाएगी. ये टीमें जांच करेगी कि कहां पानी का गलत इस्तेमाल तो नहीं हो रहा है. अगर कही पानी की बर्बादी मिली, तो टीम मौके पर ही कार्रवाई करेगी. नगर निगम की पूरी कोशिश है कि सभी लोगों तक पीने का पानी आसानी से पहुंच सके. नगर निगम ने आम आदमियों से सहयोग की अपील की है.
निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने पानी की सप्लाई पर भी जोर दिया है. उन्होंने कहा कि गर्मी में सबको पानी देना निगम की प्राथमिकता है, लेकिन कई लोग इस पानी से फर्श साफ करते है, या जरूरत से ज्यादा बगीचों में डालते है या अन्य गैर-जरूरी कामों में पीने का पानी इस्तेमाल करते है. इससे बिना कारण पानी खर्च होता है और दूसरे लोगों को समस्या होती है. अब नगर निगम ने साफ स्पष्ट किया है कि ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा.
लोगों से सहयोग की अपील
निगम आयुक्त ने इस अभियान में लोगों से सहयोग की अपील की है. उन्होंने कहा है कि लोग इस काम में निगम का पूरा सहयोग करें. अगर कोई व्यक्ति पानी बर्बाद करता दिखे, तो पहले उसे खुद रोके. अगर वह फिर भी नहीं माने तो निगम को सूचना दे. गर्मियों में पानी की मांग बढ़ जाती है. अगर लोग इस तरह पानी की बर्बाद करेंगे तो शहर में जल संकट गहरा सकता है, इसीलिए सभी पानी बचाने में सहयोग दे.