गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर सफर करने वालों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि इस सड़क मार्ग से खेड़कीदौला टोल प्लाजा को शिफ्ट किया जाएगा जिससे बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी. केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय और NHAI ने इस टोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मंजूरी पत्र जारी कर दिया है.
इस जगह पर होगा शिफ्ट
इस टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग कई सालों से चली आ रही है. साल 2014 में जब हजारों फ्लैट खरीदारों ने यहां घर खरीदे थे तो उन्हें नहीं पता था कि टोल उनके गेट पर होगा. इन फ्लैटों में हजारों की आबादी रहती है. ऐसे में अब टोल हटने की प्रक्रिया शुरू होने पर लोगों को इस समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद जग उठी है.
खेड़कीदौला टोल प्लाजा को पंचगांव में शिफ्ट किया जाएगा. इससे गुरुग्राम से मानेसर तक ट्रैफिक जाम के झंझट से मुक्ति मिलेगी. सेक्टर 77 से 99 की रेजिडेंशियल सोसाइटीज को इसका सबसे ज्यादा फायदा पहुंचेगा. यहां रोजाना 15 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे तक का समय बर्बाद हो जाता है. इस टोल प्लाजा के शिफ्ट होने से गुरुग्राम शहर में घुसने वाली गाड़ियों की संख्या में भी कमी आएगी. इस टोल प्लाजा को शिफ्ट करने का मुद्दा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी उठ चुका है.
सर्विस रोड़ का होगा निर्माण
टोल प्लाजा से आगे नई रेजिडेंशियल कालोनियां और सोसायटीज विकसित हो रही है. इनके लिए NHAI और एक्सप्रेस-वे ऑथोरिटी ने कनेक्टिविटी प्रदान करने की तैयारियां शुरू कर दी है. खेड़कीदौला टोल प्लाजा से 28 एकड़ पर सर्विस रोड़ का निर्माण किया जाएगा, जो NH- 48 को जोड़ेगी.
इस परियोजना को दो साल के भीतर पूरा किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने कहा कि एक लंबे संघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आया है. टोल प्लाजा शिफ्ट होने से बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से राहत पहुंचेगी.
