हांसी | हरियाणा के हांसी जिले के गांव भकलाना की 19 वर्षीय पहलवान तनु शर्मा ने स्लोवाकिया में आयोजित अंडर-19 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है. 16 से 21 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता के 72 किलोग्राम भार वर्ग में तनु ने देश और अपने गांव का नाम रोशन किया. तनु ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार जीत के साथ की.

शुरुआती मुकाबले में उन्होंने हंगरी की पहलवान को 6- 0 से हराया. रूस की खिलाड़ी को 9-5 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया. सेमीफाइनल मुकाबले में तनु ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 11- 0 से जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई.
जापान की पहलवान से मुकाबला
फाइनल मुकाबले में तनु शर्मा का सामना जापान की पहलवान से हुआ. मुकाबले के हाफ टाइम तक तनु ने 3- 0 की बढ़त बना रखी थी. हालांकि, अंतिम क्षणों में जापानी खिलाड़ी ने शानदार वापसी की और मुकाबला 5- 3 से अपने नाम कर लिया. इस हार के साथ तनु को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. तनु के पिता और संस्कृत अध्यापक वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि तनु को बचपन से ही कुश्ती में रुचि थी. बेटी की प्रतिभा को देखते हुए उसके चाचा नरेंद्र फौजी ने उसे कुश्ती का प्रशिक्षण दिलाना शुरू किया. फिलहाल तनु हिसार की साईं स्पोर्ट्स अकादमी में अभ्यास कर रही हैं.
तनु शर्मा इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं. वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के बाद अब उनका लक्ष्य देश के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक हासिल करना है.
हुआ भव्य स्वागत
प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के बाद तनु शर्मा अपने पैतृक गांव भकलाना पहुंचीं. यहां ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया. लोगों ने तनु को फूल- मालाएं पहनाईं और पगड़ी बांधकर सम्मानित किया. ग्रामीणों ने तनु को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में देश के लिए बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी.