हांसी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि उड़ीसा में आयोजित हुई 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हांसी जिले के गांव नाड़ा की बहू कुसुम पांचाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर देशभर में हरियाणा और हांसी जिले के साथ-साथ अपने गांव का भी नाम रोशन कर दिया है.
सड़क हादसों ने बदली जिंदगी
कुसुम को बचपन से ही संघर्षों का सामना करना पड़ा है. दो बार हुई सड़क दुघर्टना ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदल कर रख दिया. इसके बाद दो बार किडनी का आपरेशन भी हुआ लेकिन इन विषम परिस्थितियों के बावजूद भी उन्होंने अपने हौसले को बरकरार रखा और हर चुनौती को पार करते हुए खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने दबदबे को कायम रखा.
उनकी खास उपलब्धियों में साल 2017 से लेकर 2023 तक यानि लगातार 6 साल डिस्कस थ्रोअर इवेंट में नेशनल रिकॉर्ड होल्डर रहना शामिल हैं. यह उनकी खेल में निरंतरता और देश के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह बनाए रखने की क्षमता को दर्शाता है.
लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत
पैरा एथलीट कुसुम पांचाल वर्तमान में अंबाला जिले के नारायणगढ़ क्षेत्र में आरोही मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं. नौकरी के साथ- साथ खेल में उनका निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत और लगन को दर्शाता है. उनकी शादी गांव नाड़ा निवासी संजय पांचाल से हुई थी और वहीं उनके कोच हैं. उन्होंने हर कदम पर अपनी पत्नी का साथ निभाया और खेलों में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.
कुसुम पांचाल की उपलब्धियां
नेशनल गेम्स में कुसुम पांचाल का रिकॉर्ड बेहद ही सराहनीय रहा है. उन्होंने अब तक 7 गोल्ड मेडल, 6 सिल्वर और चार कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. यही नहीं, इंटरनेशनल गेम्स में भी उन्होंने अपनी चमक बिखेरते हुए भारतीय तिरंगे का मान- सम्मान बढ़ाने का काम किया है. जहां उन्होंने 1 गोल्ड मेडल और 1 कांस्य पदक हासिल किया है. साल 2022 में चीन में आयोजित हुएं चौथे एशियन पैरा गेम्स में भी उन्होंने शिरकत की थी.
