चंडीगढ़ | हरियाणा में जरूरतमंद परिवारों के होनहार छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यदि आपके कक्षा 10वीं में 70 % अंक हैं, तो आपको 12 हजार रुपए की छात्रवृत्ति मिलेगी. इसके लिए आपको 31 जनवरी, 2026 तक डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र योजना के तहत आवेदन करना होगा.
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक छात्र विभाग के आधिकारिक वेबसाइट saralharyana.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं. इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, विमुक्त जाति, घुमंतु, अर्ध घुमंतु तथा टपरीवास जाति के छात्रों को 8 हजार से 12 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति का पैसा मिलेगा.
योजना के लिए शर्तें निर्धारित
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत कुछ शर्तें निर्धारित की गई है. आवेदनकर्ता छात्र की पारिवारिक सालाना आमदनी 4 लाख रुपए से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. कक्षा 10वीं पास शहरी क्षेत्र के छात्रों के लिए 70% और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए 60% अंक होने चाहिए. इसी तरह कक्षा 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर अंक सीमा के अनुसार प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.
इन्हें मिलेगा फायदा
उन्होंने बताया कि इस प्रोत्साहन राशि से उन गरीब परिवारों के छात्रों को विशेष फायदा पहुंचेगा, जो आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के चलते पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं. इस छात्रवृत्ति राशि से ऐसे छात्रों को समय- समय पर आर्थिक सहायता मिलती रहेगी और वे अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे.
