हिसार | हरियाणा में निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है और सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुटे हुए हैं. CM नायब सिंह सैनी कह चुके हैं कि नगर निगम और नगर परिषद् चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ा जाएगा. इसके लिए पार्टी ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन सबके बीच हिसार विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ चुके रामनिवास राड़ा ने BJP से मेयर का टिकट मांगा है.
पूर्व मंत्री से बढ़ी नजदिकियां
विधानसभा चुनाव में हिसार सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार रहे रामनिवास राड़ा इन दिनों कांग्रेस में गुटबाजी से परेशान चल रहे हैं. उनकी पूर्व निकाय मंत्री कमल गुप्ता से नजदिकियां बढ़ी है. हिसार विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल के खिलाफ कमल गुप्ता और रामनिवास राड़ा के गठजोड़ को देखा जा रहा है.
अभी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में रामनिवास राड़ा ने हिसार से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी सावित्री जिंदल के हाथों उन्हें हार झेलनी पड़ी. हालांकि, वह BJP प्रत्याशी कमल गुप्ता से ज्यादा वोट लेने में कामयाब रहे थे. इस चुनाव में हार के लिए रामनिवास राड़ा ने भीतरघात का आरोप लगाते हुए कई कांग्रेसी नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था.
इन क्षेत्रों में राड़ा का अच्छा प्रभाव
हिसार नगर निगम का एरिया हिसार विधानसभा से बड़ा पड़ता है. इसमें नलवा और बरवाला विधानसभा का एरिया आ जाता है. छोटी सातरोड़ और मिल गेट एरिया नगर निगम के दायरे में आता है और यहां रामनिवास राड़ा का अच्छा प्रभाव है. रामनिवास राड़ा सैनी समाज से है और हिसार विधानसभा में सैनियों के 25 हजार से ज्यादा वोट है. नगर निगम क्षेत्र में सैनी वोटर्स की संख्या और भी ज्यादा है. ऐसे में रामनिवास राड़ा को उम्मीद है कि सैनी समुदाय और अन्य वर्गों के लोग चुनाव में उनका साथ देंगे. बता दें कि हिसार से मेयर पद के लिए बीजेपी को 41 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं.
