हिसार | दंगल लड़ने के इच्छुक पहलवानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा के हिसार शहर में 23 फरवरी को दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है जिसमें देशभर के उभरते पहलवानों को अपने दांव-पेंच दिखाने का अवसर मिलेगा. उभरते पहलवानों को यह अवसर भारतीय खेल प्राधिकरण और इंस्पायर इंस्टीट्यूट आफ स्पोटर्स की तरफ से दिया जा रहा है.
यह रहेगा पूरा शेड्यूल
इस दंगल प्रतियोगिता का आयोजन चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गिरी सेंटर स्थित शहीद मदनलाल ढींगड़ा बहुद्देशीय हाल में होगा. इंस्पायर इंस्टीट्यूट आफ स्पोटर्स के हाई परफार्मेंस मैनेजर सत्यप्रकाश ने बताया कि इस चैंपियनशिप में लड़कों की फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन कुश्ती के मुकाबले देखने को मिलेंगे.
उन्होंने बताया कि पिछले साल स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के साथ मिलकर पूरे हरियाणा के पहलवानों के लिए दंगल प्रतियोगिता करवाई गई थी. वहीं, इस बार जो दंगल चैंपियनशिप आयोजित हो रही है वह देशभर के उभरते पहलवानों के लिए हैं. सत्यप्रकाश ने कहा कि समय-समय पर ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मंच मिलता है, जो उनके उज्जवल भविष्य के लिए रास्ता तैयार करता है.
यह रहेगी इनामी राशि
मैनेजर सत्यप्रकाश ने बताया कि कुश्ती के लिए वजन श्रेणी सीनियर लड़कों में फ्री स्टाइल में 57 किलोग्राम, 74 किलोग्राम और 74 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग के कुश्ती खिलाड़ी भाग ले सकते हैं. वहीं, ग्रीको रोमन में 60 किलोग्राम, 77 किलोग्राम और 77 किलोग्राम से ऊपर भारवर्ग के कुश्ती खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. जबकि लड़कियों में 53 किलोग्राम, 62 किलोग्राम और 62 किलोग्राम से अधिक भारवर्ग में हिस्सा ले सकती है. पहले स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को 71 हजार रुपए से लेकर 11 हजार रुपए तक ईनामी राशि मिलेगी.
