हिसार | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. यहां हिसार जिले के गांव धांसू की बेटी ईशाना का चयन हरियाणा U- 19 महिला क्रिकेट T- 20 में हुआ है. ईशाना 26 अक्टूबर से उड़ीसा के कटक में आयोजित होने वाली T- 20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी.
खेल से किया ध्यान आकर्षित
ईशाना वर्तमान में कक्षा 11वीं की छात्रा है और वह गांव के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शिक्षा ग्रहण कर रही है. उनका बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरा जुनून रहा है. ईशाना ओपनिंग बल्लेबाज के साथ बाए हाथ से स्पिन गेंदबाजी भी करती है. इसी आलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत चयनकर्ताओं की नजर उन पर पड़ी और उन्हें हरियाणा की टीम में शामिल किया गया है.
उनके स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि ईशाना ने हिसार स्थित एक क्रिकेट एकेडमी से क्रिकेट की बुनियादी शिक्षा हासिल की है. उन्होंने नियमित अभ्यास के साथ अपनी तकनीक को निखारते हुए निरंतर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. ईशाना एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती है और कड़ी मेहनत, सच्ची लगन और आत्मविश्वास के दम पर इस मुकाम को हासिल किया है. उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि के साथ ही ईशाना पूरे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है.
इंडियन महिला क्रिकेट टीम में खेलने का सपना
हरियाणा U- 19 महिला क्रिकेट टीम में चयनित होने पर ईशाना ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह निरंतर मेहनत जारी रखेगी और अपने बेहतर प्रदर्शन की बदौलत एक दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल होंगी. अपने इस सपने को पूरा करने के लिए वो पहले से भी ज्यादा मेहनत करेगी. वहीं, बेटी की सफलता पर परिजनों ने खुशी जताई है और इसे परिवार के लिए गौरवमई पल बताया है.
