हिसार | हरियाणा के हिसार जिले से खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें यहां खेल सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. हिसार स्थित महाबीर स्टेडियम को जल्द आधुनिक सुविधाओं से लैस खेल परिसर के रूप में विकसित किया जाएगा. लंबे समय से जर्जर हालात और जलभराव की समस्या से जूझ रहे इस स्टेडियम के पुनर्निमाण के लिए करीब 50 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय को भेजा गया है.
करीब 1 साल से जलभराव की समस्या
यह स्टेडियम 1972 में बना था और यहां कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हुए है लेकिन स्टेडियम की खराब हालात और जलभराव की समस्या के कारण खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. खासकर बारिश के दौरान ज्यादा समस्या होती है जिससे खेल प्रभावित होता है. स्टेडियम की खराब स्थिति का असर राष्ट्रीय पर्वों पर भी पड़ा जोकि गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे कार्यक्रम यहां नहीं हो पाएं.
खेल विभाग और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के इंजीनियरों ने मिलकर इस परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया है. इस योजना के तहत स्टेडियम के मुख्य मैदान सहित सभी खेल मैदानों का जमीन स्तर ऊंचा किया जाएगा जिससे जलभराव की समस्या कम हो सके.
जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह दुरस्त किया जाएगा. स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा. इसमें नई हाईमास्ट लाइटें, दर्शकों के बैठने के लिए व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए अलग- अलग स्टैंड विकसित किए जाएंगे. LED स्क्रीन, सुरक्षा के लिए कैमरे और खिलाड़ियों के लिए रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी.
50 करोड़ के बजट से तैयार होगा स्टेडियम
प्रस्ताव के लागू होने के बाद यह स्टेडियम एक आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित होगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी. पहले इसके लिए लगभग 21 करोड़ रूपए का अनुमान लगाया था, अब विस्तृत योजना के तहत बजट बढ़ाकर 50 करोड़ रुपए कर दिया है. इस परियोजना के तहत न केवल स्टेडियम बल्कि आसपास के सभी खेल मैदानों में सुधार कार्य किया जाएगा.
