हिसार | हरियाणा में खेल सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हिसार जिले के गांव खरड़ और आसपास के गांवों के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अब उन्हें बेहतर सुविधाओं के लिए शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. खेल विभाग की ओर से खरड़ गाँव में लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक खेल स्टेडियम बनाया जाएगा. इस स्टेडियम में विशेष रूप से कुश्ती के लिए विशाल इनडोर हॉल तैयार किया जायेगा, जिसमें एक साथ 600 खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे.
विभाग ने हॉल निर्माण का कार्य बीएंडआर को सौंप दिया है. अधिकारियों ने बताया बीएंडआर की ओर से निर्माण कार्य चल रहा है. यह स्टेडियम 2018- 19 में सीएम अनाउंस के तहत निर्माण किया जा रहा है. निर्माण होने से 10 किलोमीटर के आसपास के खिलाड़ियों को राहत मिलेगी.
खेल प्रतिभा निखारने में मिलेगी मदद
जिला खेल अधिकारी नरेश कुमार ने बताया खरड़ गांव में बनने वाला यह स्टेडियम न केवल स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं के लिए भी खेल प्रतिभा निखारने का केंद्र बनेगा. यह स्टेडियम करीब 6 एकड़ जमीन में तैयार किया जा रहा है. खेल विभाग को ग्राम पंचायत ने जमीन हैंड ओवर करने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ है. खरड़ गांव के कुश्ती हॉल में आधुनिक मैट और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. हॉल की डिजाइन ऐसी होगी कि यहां राज्य स्तर की प्रतियोगिता भी की जा सकेंगी.
अन्य चीजें होंगी तैयार
खेल विभाग के आधिकारियों ने बताया कि पहले कुश्ती हॉल साहित अन्य चीजें तैयार होगी. धीरे – धीरे अन्य गेमों के खेल भी शुरू किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों की प्रैक्टिस बेहतर हो सके. अधिकारियों ने बताया है कि खरड़ गांव में स्टेडियम बनने की खबर फैलते ही ग्रामीणों और खिलाड़ियों में खुशी की लहर है. गांव के कोचों और युवा खिलाड़ियों ने कहा है कि यह सुविधा मिलने से उन्हें हिसार शहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. गांव के ही बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर मेडल जीत सकेंगे.
