हिसार में रामपाल से मिले रणजीत चौटाला, राजनीतिक गलियारों में तेज हुई चर्चाएं

हिसार | हरियाणा के पूर्व बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला की सतलोक आश्रम धनाना में रामपाल से हुई मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. रणजीत सिंह स्वयं हरियाणा सरकार में जेल मंत्री रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान रामपाल के जेल में रहने का दौर भी देख चुके हैं. बता दें कि 22 जून को हुई इस मुलाकात का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें रणजीत सिंह चौटाला रामपाल के सामने हाथ जोड़ते और उनका अभिवादन करते नजर आ रहे हैं.

Ranjit Singh Chautala

मुलाकात के दौरान दोनों के बीच कई विषयों पर बातचीत हुई. वीडियो में रामपाल पूर्व मंत्री का स्वागत करते हुए कहते हैं कि उनसे मिलकर खुशी हुई है. इसके जवाब में रणजीत सिंह भी उनसे मिलकर प्रसन्नता जताते हैं.

हिसार में रामपाल से मिले रणजीत चौटाला

बातचीत के दौरान रणजीत सिंह ने कहा कि जेल मंत्री रहते उन्हें रामपाल की सेवा करने का अवसर मिला था. उन्होंने यह भी कहा कि सजा और जेल से जुड़े मामले अदालतों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और यह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं. उन्होंने अपने पिता और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल का नाम लिए बिना जिक्र करते हुए कहा कि उनके परिवार ने भी ऐसे दौर देखे हैं और उनके बाबूजी भी कभी जेल में रह चुके हैं. उन्होंने इसे समय के उतार-चढ़ाव से जोड़ते हुए कहा कि ऐसे दौर जीवन का हिस्सा होते हैं.

तेज हुई चर्चाएं

रणजीत सिंह चौटाला ने आगे कहा कि यह कोई पहली मुलाकात नहीं थी. वह पहले भी रामपाल से मिल चुके हैं. उन्होंने बताया कि जेल मंत्री रहते हुए भी वह उनसे जेल में मिले थे. इस बार भी यह एक सामान्य मुलाकात थी और वह काफी समय से उनसे मिलने की इच्छा रखते थे. इस दौरान उन्होंने रामपाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं. इस पर रामपाल ने किसान, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों की सेवा करने की बात कही. उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई गरीब या परेशान परिवार हो तो उसकी सहायता करने के लिए उनका आश्रम हमेशा तैयार है.

यह भी पढ़े -  हिसार में BJP की बड़ी बैठक आज, 7 जिलों के 82 मंडल अध्यक्ष होंगे शामिल; इस्तीफों पर भी चर्चा संभव

कही यह बातें

बातचीत के अंत में रणजीत सिंह ने कहा कि यदि उनके लायक कोई सेवा या सहयोग हो तो उन्हें अवश्य बताया जाए. वहीं, रामपाल ने भी उनके आने को सम्मानजनक बताते हुए कहा कि ऐसी मुलाकातों से उनका मनोबल बढ़ता है. पूर्व मंत्री और रामपाल की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं जारी हैं. हालांकि, रणजीत सिंह ने इसे पूरी तरह सामान्य और व्यक्तिगत मुलाकात बताया है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.