स्पोर्ट्स डेस्क | IPL 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी इस बार विदेशी धरती पर नहीं बल्कि भारत में होने की तैयारी है. लगातार तीन सीजन विदेश में ऑक्शन कराने के बाद BCCI ने मिनी ऑक्शन को देश में वापस लाने का फैसला किया है. Cricbuzz की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को हुई IPL गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इस पर फैसला लिया गया. ऑक्शन के लिए भारतीय शहर चुने जाने के पीछे फ्रेंचाइजियों की एक बड़ी चिंता भी बताई जा रही है.
मिनी ऑक्शन के लिए पूरे डेलिगेशन को विदेश ले जाने में टीमों को लॉजिस्टिकल और ऑपरेशनल स्तर पर कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. पिछले साल अबु धाबी में हुए ऑक्शन के दौरान भी इस मुद्दे पर बात हुई थी.
विदेश में हुए 3 ऑक्शन
IPL 2023 के खिलाड़ियों की नीलामी कोच्चि में आयोजित हुई थी. इसके बाद ऑक्शन लगातार भारत से बाहर कराया गया. पहले यूएई के दुबई, फिर सउदी अरब के जेद्दा और उसके बाद यूएई के अबु धाबी में खिलाड़ियों पर बोली लगी. अब IPL 2027 के मिनी ऑक्शन के साथ यह सिलसिला टूट सकता है. हालांकि रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि अगले साल होने वाले मेगा ऑक्शन को दोबारा विदेश में आयोजित करने का विकल्प खुला है.
अभी तय नहीं हुआ शहर
भारत में ऑक्शन कराने का फैसला हो गया है, लेकिन तारीख और वेन्यू पर अभी अंतिम मुहर लगनी बाकी है. IPL ऑक्शन आमतौर पर नवंबर या दिसंबर में कराया जाता है. इसी दौरान भारत में शादियों का सीजन होने के कारण बड़े होटलों की उपलब्धता चुनौती बन सकती है. BCCI को ऑक्शन के दौरान फ्रेंचाइजी और उनके डेलिगेशन के लिए 5 स्टार होटल में 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत पड़ती है. ऐसे में जिस शहर में पर्याप्त कमरे और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, उसे प्राथमिकता मिल सकती है. उपलब्धता की स्थिति देखने के बाद BCCI ऑक्शन की तारीख और वेन्यू तय करेगा.
