झज्जर, IPL | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि दुनिया की सबसे महंगी और बहुचर्चित क्रिकेट लीग IPL के लिए आबुधाबी में खिलाड़ियों की बोली हुई थी और इस मिनी ऑक्शन में झज्जर जिले के 2 खिलाड़ियों को विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम में जगह मिली है. झज्जर से 2 खिलाड़ियों का आईपीएल में चयन होने पर जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल बना हुआ है.
IPL खेलेंगे झज्जर के खिलाड़ी
IPL के मिनी ऑक्शन में RCB ने झज्जर जिले के जिन दो खिलाड़ियों को खरीदा है, उनमें गांव भदानी निवासी सात्विक देसवाल और दूसरा गांव कुलाना निवासी कनिष्क चौहान हैं. दोनों खिलाड़ियों को उनके बेस प्राइस 30- 30 लाख रुपए में खरीदा गया है. इसके अलावा, जिले के ही एक अन्य खिलाड़ी यशवर्धन दलाल का किसी भी एक्सीलरेटेड राउंड में नाम नहीं आया.
आलराउंडर प्रदर्शन का तोहफा
सात्विक देसवाल वर्तमान में पुडुचेरी की टीम की ओर से क्रिकेट खेलते हैं. इसके अलावा, वह U- 19 एकदिवसीय चैलेंजर टूर्नामेंट में India- A की टीम में खेल चुके हैं. सात्विक बतौर आलराउंडर खिलाड़ी के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं और इसी का तोहफा उन्हें RCB में शामिल होकर आईपीएल खेलने के रूप में मिला है.
कनिष्क चौहान
वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में ही अपने प्रदर्शन से टीम के लिए उपयोगी साबित होते हैं. कनिष्क फिलहाल दुबई में इंडियन U-19 की टीम की ओर से एसीसी पुरूष U- 19 एशिया कप में भारतीय क्रिकेट टीम में खेल रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों के आईपीएल में चयनित होने पर झज्जर जिले के क्रिकेट प्रेमियों के साथ- साथ दोनों खिलाड़ियों के परिवारों में खुशी का माहौल बना हुआ है.
