झज्जर | खेल मैदान से करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. जिम्बाब्वे में खेले गए U19 क्रिकेट वर्ल्डकप में हिंदुस्तान की टीम ने इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड 6वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया है. इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार पारी से सबका दिल जीत कर भारत की झोली में वर्ल्ड कप डाला.
U19 वनडे वर्ल्डकप
U19 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा डाली. उन्होंने महज 80 गेंदों पर 15 चौके और 15 छक्कों की बदौलत 175 रन की रिकॉर्ड पारी खेली. इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस पारी में झज्जर के लाल कनिष्क चौहान का भी विशेष योगदान रहा.
हरियाणा के झज्जर के खिलाड़ी कनिष्क चौहान ने डेथ ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का उदाहरण पेश करते हुए मात्र 20 गेंदों पर 3 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 37 रन बनाए. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया 400 से ऊपर का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही. वहीं, गेंदबाजी में भी कनिष्क ने 63 रन देकर दो विकेट हासिल करते हुए टीम इंडिया की फाइनल मैच में जीत सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभाई.
घर में छाई खुशियां
कनिष्क चौहान की इस शानदार परफॉर्मेंस पर घर में खुशियां छाई हुई थी और जैसे ही टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप ट्राफी पर कब्जा जमाया, पूरा परिवार ढोल- नगाड़ों की थाप पर थिरकने लगा. परिवार, रिश्तेदार और आसपास के लोग बधाई देने उनके घर पहुंचे. परिजनों ने भी सबको मिठाई खिलाकर इस खुशी को सेलिब्रेट किया.
कनिष्क के परिजनों ने टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि बेटे को अच्छा प्रदर्शन करते हुए देख बहुत खुशी हुई. भारत की जीत में उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई है. इस सफलता के पीछे उनकी सालों की मेहनत और अनुशासन हैं. पढ़ाई के साथ- साथ हर रोज घंटों प्रैक्टिस से उन्होंने अपने खेल को सुधारा. उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से केवल हमारा ही नहीं बल्कि झज्जर, हरियाणा और हिंदुस्तान का नाम रोशन कर दिया है. हमें अपने बेटे की सफलता पर गर्व महसूस हो रहा है. हम चाहते हैं कि वह आगे भी इसी तरह देश के लिए खेले और नई ऊंचाइयों को छुए.
