झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा के लिए गौरवमई खबर सामने आई है. ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के कई खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है. इस चैंपियनशिप में झज्जर के युवा खिलाड़ी ने ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए सभी को चौंका दिया.
नीरज चोपड़ा का टूटा रिकॉर्ड
भाला फेंक इवेंट के U- 18 आयु वर्ग में झज्जर के हिमांशु जाखड़ ने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का 11 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है. हिमांशु ने 80.38 मीटर की शानदार थ्रो के साथ नया मीट रिकॉर्ड स्थापित करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. इससे पहले यह रिकॉर्ड 76.40 मीटर था, जो नीरज चोपड़ा ने साल 2014 में हुई चैंपियनशिप में बनाया था.
View this post on Instagram
इस उपलब्धि के साथ हिमांशु जाखड़ ने एक नया इतिहास रच दिया है. उनकी यह थ्रो वर्ल्ड U-20 मानकों (68.50 मीटर) से भी कहीं आगे है, जिससे उन्होंने 2026 वर्ल्ड U- 20 चैंपियनशिप के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.
हरियाणा के इन खिलाड़ियों ने भी जीते पदक
- U- 16 लड़कों के शॉट पुट इवेंट में पानीपत के देव ने 16.66 मीटर की थ्रो के साथ हरियाणा की झोली में गोल्ड मेडल डाला.
- U- 16 लड़कियों के जेवलिन थ्रो में फतेहाबाद की मीनाक्षी ने 44.97 मीटर की लंबी थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता. इसी इवेंट में 42.81 मीटर की थ्रो के साथ सोनीपत की अनीषा सिंहमार कांस्य पदक जीतने में कामयाब रही.
डिस्कस थ्रो और लॉन्ग जंप में पदक
U- 20 लड़कों के डिस्कस थ्रो इवेंट में रोहतक के रितिक ने 55.19 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक पर कब्जा जमाया.
U- 20 लड़कियों के लॉन्ग जंप में फतेहाबाद की तमन्ना ने 5.96 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता.
