झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि सीनियर एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए हुए क्वालीफाई मैचों में बाजी मारते हुए झज्जर के दो पहलवानों ने जिले का गौरव बढ़ा दिया है. दोनों पहलवान अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पदक जीतने की बढ़ी उम्मीदें
6- 11 अप्रैल तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित एशियन कुश्ती चैंपियनशिप के लिए झज्जर जिले के दो पहलवानों अमन सहरावत (61 किलोग्राम भारवर्ग) और सचिन सहरावत (67 किलोग्राम भारवर्ग) का चयन हुआ है. इस प्रतियोगिता में एशिया के कई देशों के नामी- गिरामी पहलवान हिस्सा लेंगे. ऐसे में इन दोनों खिलाड़ियों के सामने कड़ी चुनौती रहेगी लेकिन देशवासियों को उम्मीद है कि दोनों ही पहलवान अपने दमदार प्रदर्शन से जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे.
जिले में छाई खुशियां
सीनियर कुश्ती चैंपियनशिप में दोनों पहलवानों के चयन की खबर मिलते ही गांव बिरोहड़ समेत पूरे झज्जर जिले में खुशियां छाई हुई है. ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की है.
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ही खिलाड़ी लंबे समय से अनुशासन और कड़े परिश्रम की बदौलत अपने खेल को निखारने में जुटे हुए हैं. राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन की बदौलत ही उन्हें अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिला है. ऐसे में दोनों ही पहलवानों से पदक की पूरी उम्मीद है.
अमन सहरावत से गोल्ड की उम्मीद
बिरोहड़ गांव के लोगों ने बताया कि दोनों ही पहलवान बचपन से ही कुश्ती को लेकर गंभीर रहे हैं. निरंतर परिश्रम और लगन के साथ कुश्ती में अपने कौशल को निखार रहे हैं. ऐसे में अब उनके पास एशियाई स्तर पर खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर है. ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत को बड़े मैचों में खेलने का अनुभव हैं. ऐसे में उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद जताई जा रही है. यदि दोनों ही पहलवान यहां अच्छा खेलते हैं तो उनके लिए विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर खेलने का रास्ता खुलेगा. दोनों ही पहलवानों से पदक की उम्मीद है.
