झज्जर | कबड्डी प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि 8 और 9 फरवरी को झज्जर जिले के गांव मारौत में हरियाणा स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है जिसमें हरियाणा ही नहीं बल्कि पंजाब सहित अन्य राज्यों के बड़े- बड़े खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे. इस प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र सिंह हुड्डा शिरकत करेंगे.
इस कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन गांव मारौत के सामूहिक योगदान से करवाया जा रहा है. इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बड़े- बड़े कबड्डी खिलाड़ी पहुंचेंगे. इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाली टीम को 1.51 लाख रुपए की ईनामी राशि से नवाजा जाएगा.
हरियाणा में ऐसे आयोजन जरूरी
मारौत गांव के पूर्व सरपंच सुनील पहलवान ने बताया कि काफी सालों बाद गांव में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जा रहा है. ग्रामीण इलाकों में छुपी प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह के खेलों का आयोजन करवाना बेहद जरूरी है. शीलु बल्हारा, भूरिया सीसर सहित आज जितने भी बड़े- बड़े कबड्डी खिलाड़ी हैं, वो इसी तरह की प्रतियोगिताओं में दमदार खेल का प्रदर्शन कर देश- दुनिया में नाम कमा रहे हैं.
मिलेगी प्रेरणा
उन्होंने बताया कि झज्जर जिले से भी कई बड़े खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने देश- दुनिया में जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. इन्हें देखकर अन्य युवा खिलाड़ियों को भी सीख मिलेगी और वे सफलता की नई ऊंचाईयों को छूने का काम करेंगे.
