झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि वियतनाम में आयोजित हुई U- 23 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में हरियाणा के पहलवानों ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है. इसी प्रतियोगिता में जिले के गांव मांडौठी गांव के पहलवान सुमित दलाल ने भी गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है.

ऐसा करने वाले देश के पहले पहलवान
ग्रीको- रोमन शैली में 63 किलोग्राम भारवर्ग में भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पहलवान सुमित दलाल ने गोल्ड मेडल जीतकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है. उन्होंने लगातार दूसरी बार U- 23 एशियन कुश्ती चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता है. ऐसा कारनामा करने वाले सुमित देश के पहले पहलवान बन गए हैं. सुमित दलाल वर्तमान में बहादुरगढ़ स्थित हिन्द केसरी सोनू के अखाड़े में प्रशिक्षण हासिल कर रहे हैं. इससे पहले वह वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीत चुके हैं. उनके नाम जूनियर वर्ल्ड, U- 23 वर्ल्ड और सब- जूनियर वर्ल्ड स्तर पर भी कई पदक दर्ज हैं.
हरदीप ने जीता सिल्वर मेडल
इसी अखाड़े के एक और पहलवान गांव बामडोली निवासी हरदीप छिल्लर ने 130 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता. यह उनके लिए पहली सीनियर इंटरनेशनल कुश्ती चैंपियनशिप थी. इससे पहले वे जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुके हैं.
जोरदार स्वागत से किया सम्मानित
मेडल जीतकर लौटने पर दोनों खिलाड़ियों का अखाड़े में फूल- मालाओं और ढोल- नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया. दोनों ही पहलवानों ने पदक जीतने पर अपार खुशी जाहिर करते हुए अपनी सफलता का श्रेय कोच धर्मेंद्र दलाल को दिया. कोच धर्मेंद्र दलाल ने भी दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि उम्मीद करते हैं कि वे इसी तरह शानदार खेल का मुआयना करते रहे और ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर भारत और हरियाणा का नाम विश्व पटल पर रोशन करें.