झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ निवासी योगेश कथुनिया ने सिल्वर मेडल जीता है. डिस्कस थ्रो के इवेंट में उन्होंने 42.49 मीटर दूर चक्का फेंक कर इस उपलब्धि को हासिल किया है.
परिवार में खुशी का माहौल
27 सितंबर से 5 अक्टूबर तक दिल्ली में आयोजित हो रही विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 100 से ज्यादा देशों के एक हजार से अधिक पैरा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इतनी बड़ी टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर उन्होंने कहा कि यह मेरे और मेरे परिवार के लिए गर्व और उत्साह के पल हैं. इस जीत के बाद परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है.
योगेश ने बताया कि घरेलू धरती पर परफार्मेंस करना वाकई बहुत चुनौतीपूर्ण होता है. अपने लोगों के सामने बढ़िया खेल का प्रदर्शन करते समय बहुत ज्यादा दबाव बना रहता है. बता दें कि साल 1997 में जन्मे झज्जर जिले के मांडौठी गांव निवासी योगेश कथुनिया मात्र 8 साल की उम्र में लकवाग्रस्त हो गए थे. बाद में कुछ हद तक हाथ की हलचल होने लगी, तो उन्होंने 2017 में दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान खेलना शुरू किया.
योगेश कथुनिया की उपलब्धियां
- टोक्यो पैरा ओलम्पिक, 2021 में सिल्वर मेडल.
- 2023 में हुई पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल रिकॉर्ड (46.79 मीटर) और 2 सिल्वर मेडल जीते.
- 2023 में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल.
- 2023 में एशियाई पैरा गेम्स में सिल्वर मेडल जीता.
- 2024 में पेरिस पैरा ओलम्पिक में सिल्वर मेडल.
- दो बार के पैरालंपिक पदक विजेता और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके हैं.
