जींद | हरियाणा के पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह और डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ्ढा के बीच तल्ख बयानबाजी से सूबे का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है. बीरेंद्र सिंह ने मिढ्ढा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी तो सूत आ गई. तुक्का लग गया और वो हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर बन गए.
मिढ्ढा ने किया पलटवार
डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने बीरेंद्र सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि सूत- कसूत तो ऊपर वाले के हाथ में है. अगर बीरेंद्र सिंह कांग्रेस ज्वाइन नहीं करते और बीजेपी में ही रहते, तो उनकी भी सूत आ जाती. केंद्र और हरियाणा दोनों ही जगहों पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है.
दिल्ली चुनाव के बाद शुरू हुई बयानबाजी
दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग का सिलसिला दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद शुरू हुआ था. दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की जीरो सीट आने पर डॉ कृष्ण मिढ्ढा ने बयान देते हुए कहा था कि इस बार भी कांग्रेस पार्टी का वहीं हाल हुआ जो पिछले विधानसभा चुनाव में हुआ था. पिछले तीन विधानसभा चुनाव से कांग्रेस पार्टी को दिल्ली में एक भी सीट नहीं मिली है. कांग्रेस दिल्ली में मोक्ष की ओर बढ़ रही है.
डिप्टी स्पीकर का बयान
शास्त्रों में कहा गया है कि जिस व्यक्ति को लाभ- हानि, यश- अपयश से कोई मतलब नहीं होता, वह मोक्ष को प्राप्त होता है. कांग्रेस दिल्ली में मोक्ष की ओर बढ़ गई है.
शोभा नहीं देती ऐसी बयानबाजी
डॉ. कृष्ण मिढ्ढा के इस बयान पर पलटवार करते हुए चौधरी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें सोच- समझकर बोलना चाहिए. इस तरह की बयानबाजी शोभा नहीं देती है. उनकी इस प्रतिक्रिया पर दोबारा पलटवार करते हुए मिढ्ढा ने कहा कि मैंने कभी किसी के बारे में गलत नहीं कहा और चौधरी बीरेंद्र सिंह मेरे लिए सम्मानित व्यक्ति हैं. मैं उनका सम्मान करता हूं. इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि इसमें किसी का कोई दोष नहीं है. अगर बीरेंद्र सिंह बीजेपी छोड़कर नहीं भागते, तो उन्हें भी सूत आ जाती. छोड़कर वो गए हैं, हम नहीं.
