नई दिल्ली | मंदिर में प्रसाद का नाम सुनते ही आमतौर पर लड्डू, पेड़े, फल या कोई पारंपरिक मिठाई याद आती है लेकिन भारत के केरल के एक मंदिर में पूजा के बाद भक्तों को प्रसाद के रूप में Munch Chocolate दी जाती है. यह अनोखी परंपरा इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. यह मंदिर केरल के अलाप्पुझा जिले के थेलावाड़ी में स्थित दक्खिन पलानी श्री सुब्रमण्यम स्वामी महा क्षेत्रम है. यहां भगवान मुरुगन को Munch Bar अर्पित करने की परंपरा बताई जाती है. पूजा पूरी होने के बाद यही चॉकलेट श्रद्धालुओं में प्रसाद के तौर पर बांटी जाती है.
मंदिर से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद इस परंपरा ने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींचा है. वीडियो में बताया गया है कि भक्त भगवान मुरुगन को Munch Chocolate के साथ फूल, चंदन और पूजा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी पारंपरिक सामग्री चढ़ाते हैं.
बांटा जाता है चॉकलेट
पूजा संपन्न होने के बाद चॉकलेट भक्तों के बीच बांट दी जाती है. यही वजह है कि मंदिर की यह परंपरा सामान्य मंदिरों में मिलने वाले प्रसाद से बिल्कुल अलग नजर आती है. अब सवाल यह है कि आखिर भगवान मुरुगन को चॉकलेट चढ़ाने की शुरुआत क्यों हुई? इस संबंध में सोशल मीडिया पर एक कहानी काफी प्रचलित है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं है और इस दावे कीपुष्टि भी नहीं की गई है.
लोकप्रिय मान्यता के अनुसार, एक बीमार बच्चे ने भगवान मुरुगन को Munch Chocolate चढ़ाई थी. इसके बाद उसकी तबीयत ठीक हो गई. इसी घटना को मंदिर में चॉकलेट चढ़ाने की परंपरा शुरू होने से जोड़ा जाता है.
मन्च मुरुगन
इसी वजह से सोशल मीडिया पोस्ट में भगवान मुरुगन को प्यार से ‘मन्च मुरुगन’ कहे जाने का भी जिक्र मिलता है. हालांकि, इस नाम और इससे जुड़ी कहानी को स्थानीय आस्था और मान्यता के रूप में ही देखना उचित है. मंदिर की इस खास परंपरा का वीडियो इंस्टाग्राम पर @stitchyourmap अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसके बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
View this post on Instagram
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट में दावा किया कि वे मंदिर जा चुके हैं और वहां Munch Chocolate चढ़ाने की परंपरा देख चुके हैं. कुछ लोगों ने इसे बेहद प्यारी और अनोखी परंपरा बताया, तो कुछ ने मजाक करते हुए कहा कि बच्चों के लिए ऐसा प्रसाद किसी खुशखबरी से कम नहीं होगा.
बिल्कुल अलग परंपरा
भारत के मंदिरों में अलग- अलग जगहों की अपनी विशिष्ट पूजा पद्धतियां और प्रसाद की परंपराएं देखने को मिलती हैं. केरल के इस मंदिर में Munch Chocolate से जुड़ी मान्यता भी इसी स्थानीय परंपरा की एक अलग पहचान बन गई है सोशल मीडिया के जरिए यह कहानी अब देशभर के लोगों तक पहुंच रही है. ऐसे में Munch Chocolate का प्रसाद और ‘मन्च मुरुगन’ से जुड़ी यह परंपरा इंटरनेट पर लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
