कैथल | शनिवार को हरियाणा के कैथल जिले के गांव प्योद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों के घरों की छत पर लगे सोलर रूफ टॉप सिस्टम का निरीक्षण किया और उससे जुड़ी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपये देने की भी घोषणा की.
इन परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस योजना की शुरुआत भी कैथल जिले से की गई थी और अब उन्होंने स्वयं लाभार्थी के घर में लगे सोलर सिस्टम को देखा है. उन्होंने कहा कि इससे ग्रीन एनर्जी तो मिलती ही है, साथ ही लोगों के बिजली बिल भी कम होते हैं. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वह अधिक से अधिक संख्या में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं.
आज मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने कैथल के गांव प्यौदा में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को लेकर जन संवाद किया।
इस अवसर पर उन्होंने लाभार्थी के घर की छत पर लगे सोलर रूफटॉप सिस्टम का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं लाभार्थियों से योजना की प्रगति और प्रभाव… pic.twitter.com/K9LxWm7buf
— CMO Haryana (@cmohry) July 12, 2025
उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार, ऐसे परिवारों को सब्सिडी दे रही हैं जिनकी वार्षिक आय 1,80,000 रुपये से कम है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही यह योजना सफल हो पाई है और लाभार्थियों को उन्होंने बधाई दी.
सीएम ने बताया लक्ष्य
सीएम सैनी ने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के एक लाख घरों की छतों पर मुफ्त में 2 किलोवाट के सोलर सिस्टम लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. यह सिस्टम केवल अंत्योदय परिवारों के घरों में लगाया जा रहा है. जैसे ही पात्र परिवारों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार करेगी, वैसे ही अगले एक लाख परिवारों को भी योजना में शामिल किया जाएगा. अभी तक 26,000 परिवार इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं. कैथल जिले में 1,707 परिवारों को इसका लाभ मिल चुका है, जिससे उन्हें भारी-भरकम बिजली बिलों से राहत मिली है.
